झांसी में कार की टक्कर से ऑटो में लगी आग: चार लोग गंभीर रूप से झुलसे, टक्कर के बाद 10 मीटर तक घसीटा

झांसी|

जिले में रविवार सुबह हंसारी रेलवे क्रॉसिंग के पास बड़ा हादसा हो गया। रॉन्ग साइड से आ रही कार ने सीएनजी ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार ऑटो को करीब 10 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। इसके तुरंत बाद ऑटो में आग लग गई। देखते ही देखते करीब 20 फुट ऊंची लपटें उठने लगीं।

हादसे में ऑटो चालक समेत चार लोग झुलस गए। घायलों में कुमेर यादव (50), खैलार निवासी राजीव (31), बबीना के राजा का तालाब निवासी फूला देवी (70) और आईटीआई कॉलोनी निवासी सविता नागर (44) शामिल हैं। सभी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

नाइट ड्यूटी कर लौट रही थी घर

आईटीआई कॉलोनी निवासी सविता नागर बबीना एमएच हॉस्पिटल में वार्ड सहायिका हैं। वह नाइट ड्यूटी पूरी कर सुबह ऑटो से घर लौट रही थीं। सविता ने बताया कि टक्कर के बाद वह ऑटो से बाहर गिर गईं। इसी दौरान ऑटो में भीषण आग लग गई। आसपास के लोग चिल्लाकर भागने के लिए कह रहे थे, लेकिन पैर जल जाने के कारण वह चल नहीं पा रही थीं। उन्होंने बताया कि ऐसे में वह घिसटते हुए करीब 20 मीटर दूर तक पहुंचीं। इसके बाद दो युवकों ने उन्हें उठाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वहीं फूला देवी अपने भांजे कमलेश से मिलने तालपुरा जा रही थीं। हादसे में वह भी घायल हो गईं।

चार लोग गंभीर रूप से झुलसे, टक्कर के बाद 10 मीटर तक घसीटा

आधे घंटे में बुझी आग

बबीना के रसोई गांव निवासी ऑटो चालक कुमेर यादव ने बताया कि वह पांच सवारियों को लेकर बबीना से झांसी आ रहे थे। हंसारी रेलवे क्रॉसिंग के पास सामने से आ रही हुंडई वरना कार रॉन्ग साइड में आ गई। कार ने ऑटो में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि उसे करीब 10 मीटर तक घसीटते ले गई। इसके बाद ऑटो में तुरंत आग लग गई। दो युवक बाहर गिर गए, जबकि बाकी लोग किसी तरह बाहर निकले।

घायलों का मेडिकल कॉलेज में हो रहा इलाज

आग की सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक ऑटो पूरी तरह जल चुका था। सदर बाजार थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं और मेडिकल कॉलेज में उनका इलाज चल रहा है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।