कानपुर में नीट की तैयारी कर रहे बहराइच के छात्र की मौत: कमरे में छत के पंखे से लटका मिला शव, मौके से सुसाइड नोट नहीं ​मिलने से वजह स्पष्ट नहीं

कानपुर|
कमरे में छत के पंखे से लटका मिला शव, मौके से सुसाइड नोट नहीं ​मिलने से वजह स्पष्ट नहीं
सेव सूची

कानपुर के एक हॉस्टल में नीट की तैयारी कर रहे बहराइच के एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पुलिस शुरुआती जांच में इसे आत्महत्या का मामला मान रही है, हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने के कारण वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है।

काकादेव थाना क्षेत्र के तुलसी नगर स्थित एक हॉस्टल में रविवार रात नीट की तैयारी कर रहे छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। उसका शव हॉस्टल के कमरे में छत के पंखे से कपड़े के सहारे लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की छानबीन कर साक्ष्य जुटाया। पुलिस ने छात्र के परिजनों को घटना की जानकारी दी।

छात्रों और संचालक से पूछताछ कर रही पुलिस

पुलिस के अनुसार, तुलसी नगर के हॉस्टल में एक छात्र के फंदे पर लटकने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची तो हॉस्टल के कमरा नंबर 205 का दरवाजा अंदर से बंद था। खिड़की से देखने पर एक युवक छत के पंखे से कपड़े के सहारे लटका दिखाई दिया। हॉस्टल में रहने वाले अन्य छात्रों और संचालक से पूछताछ में उसकी पहचान शिवा (19) पुत्र चंद्रवीर निवासी दौलतपुर, बहराइच के रूप में हुई। वह हॉस्टल में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था।

परिजनों को फोन पर दी गई सूचना

पुलिस ने बताया कि कमरे में उसका शव मिलने के बाद परिजनों को सूचना दे दी गई है। फोरेंसिक टीम को घटनास्थल के निरीक्षण के लिए बुलाया गया। काकादेव इंस्पेक्टर धर्मेंद्र कुमार राम ने बताया कि छात्र ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी जांच की जा रही है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।