कानपुर में डॉक्टरों ने महिला के पेट में छोड़ दिया था तौलिया: दूसरी सर्जरी कर निकाला गया बाहर, सीएमओ ने जांच कमेटी का किया गठन

कानपुर|
दूसरी सर्जरी कर निकाला गया बाहर, सीएमओ ने जांच कमेटी का किया गठन

कानपुर में डॉक्टरों की एक बड़ी लापरवाही का सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां कल्याणपुर के विश्वास हॉस्पिटल में ऑपरेशन के दौरान एक 24 वर्षीय महिला के पेट में तौलिया छोड़ दिया गया। घटना का खुलासा तब हुआ जब करीब चार महीने बाद महिला को असहनीय दर्द हुआ और दूसरी सर्जरी कर पेट से तौलिया बाहर निकाला गया। इस गंभीर मामले का संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ने जांच कमेटी का गठन कर दिया है।

कानपुर देहात के मनेठू गांव की रहने वाली सोनी (24 वर्ष) को पेट दर्द की शिकायत के बाद मकसूदाबाद के ओमशांति हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। जांच में पता चला कि बच्चेदानी की ट्यूब फटने के कारण पेट में खून जमा है। इसके बाद अस्पताल संचालक अजय ने 10 जून 2026 को कल्याणपुर स्थित विश्वास हॉस्पिटल के ऑपरेशन थिएटर में महिला का ऑपरेशन करवाया। ऑपरेशन के नाम पर पीड़ित परिवार से करीब डेढ़ लाख रुपये लिए गए।

ऑपरेशन के बाद पेट में था तेज दर्द

ऑपरेशन के बाद से ही सोनी को लगातार पेट में तेज दर्द बना रहा। कुछ दिन पहले ऑपरेशन वाली जगह से मवाद भी आने लगा। महिला की बिगड़ती हालत को देखकर परिजन उसे अकबरपुर के राफिल अस्पताल ले गए, जहां 12 अक्टूबर को डॉक्टरों ने दोबारा ऑपरेशन किया। दूसरी सर्जरी के दौरान डॉक्टर तब हैरान रह गए जब महिला के पेट के अंदर से एक बड़ा तौलिया बरामद हुआ।

अस्पताल संचालकों के बीच पल्ला झाड़ने की कोशिश

मामला सामने आने के बाद विश्वास हॉस्पिटल के संचालक जगदीश चंद्र विश्वास का कहना है कि उन्होंने ओम शांति हॉस्पिटल के संचालक अजय को सिर्फ अपना ऑपरेशन थिएटर 4,000 रुपये किराए पर दिया था। उनका कहना है कि इस सर्जरी के डॉक्टर, उपकरण और बेहोशी के विशेषज्ञ सब अजय खुद साथ लेकर आए थे और उनका मरीज से कोई सीधा लेना-देना नहीं है।

प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई

पीड़ित महिला के पति वीरेंद्र कुमार ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल और कल्याणपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है। एसीपी कल्याणपुर दिलीप सिंह के मुताबिक, मेडिकल रिकॉर्ड की जांच और विभागीय रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सोनी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।