कानपुर में भाजपा प्रदेश मंत्री को बंधक बनाकर लूटा: हाथ-पैर बांधकर बाथरूम में किया बंद, सीने पर तमंचा तानकर मांगे दो करोड़ रुपये

कानपुर|

शहर के सेन पश्चिमपारा थाना क्षेत्र के न्योरी में नकाबपोश बदमाशों ने भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव को बंधक बनाकर करीब 12 लाख रुपये की लूट को अंजाम दिया। बदमाशों ने उनके सीने पर तमंचा तानकर नकदी, सोने की चेन, अंगूठी और राडो घड़ी लूट ली। इसके बाद हाथ-पैर बांधकर और मुंह पर टेप चिपकाकर उन्हें बाथरूम में बंद कर दिया। वारदात के बाद दोनों आरोपी फार्म हाउस की टीन शेड के ऊपर से कूदकर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, फोरेंसिक साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

रमेश यादव एक अक्टूबर को भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री नियुक्त हुए थे। सोमवार को लखनऊ में पदभार ग्रहण करने के बाद वह रात करीब 12:30 बजे कानपुर पहुंचे। घर से लगभग 500 मीटर दूर स्थित फार्म हाउस में वह अकेले रुके थे, जबकि वहां चार गार्ड तैनात थे। रात करीब 1:20 बजे पुलिस को वारदात की सूचना मिली। इसके बाद एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा और डीसीपी दीपेंद्रनाथ चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रमेश यादव दो बार ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। उनकी पत्नी शशि भी ब्लॉक प्रमुख रही हैं। उन्होंने 2022 में बसपा के टिकट पर बिठूर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था।

एक के हाथ में थी पेट्रोल की बोतल

रमेश यादव के मुताबिक, फॉलोअर अभय राजपूत खाना खिलाने के बाद रात करीब पौने 11 बजे सोने चला गया। लगभग 15 मिनट बाद दो बदमाश फार्म हाउस में पहुंचे और उनके सीने पर तमंचा तान दिया। एक आरोपी के हाथ में पेट्रोल की बोतल भी थी। बदमाशों ने कहा कि वे बेहद परेशान हैं और उन्हें दो करोड़ रुपये चाहिए, हालांकि वे उन्हें मारने नहीं आए हैं। रमेश ने फोन करके रुपये मंगाने की बात कही तो आरोपियों ने गार्ड बलराम को फोन करने की आशंका जताई और घर में मौजूद नकदी देने को कहा। इसके बाद वे उन्हें कमरे में ले गए और लॉकर से करीब आठ से नौ लाख रुपये निकाल लिए। आरोपियों ने सोने की चेन, अंगूठी और राडो घड़ी भी लूट ली।

गार्ड को किया फोन

रमेश के हाथ-पैर बांधकर उन्हें बाथरूम में बंद कर दिया गया। उनके मुताबिक, बदमाशों को पता था कि उन्हें पसीना अधिक आता है, इसलिए वे तौलिया और पानी की बोतल भी छोड़ गए। आरोपियों ने दावा किया कि बंधन खोलने में कम से कम 15 मिनट लगेंगे। करीब 37 मिनट तक फार्म हाउस में रहने के बाद वे फरार हो गए। रमेश ने किसी तरह मुंह पर लगा टेप हटाया और गार्ड को फोन किया। इसके बाद उन्हें बाथरूम से बाहर निकाला गया।

सीसीटीवी में दिखे दो आरोपी

पुलिस को बदमाशों के फार्म हाउस में दाखिल होने का फुटेज नहीं मिला है, लेकिन भागते समय काले कपड़े पहने दो आरोपी कैमरे में कैद हुए हैं। वे वॉशबेसिन पर पैर रखकर टीन शेड के ऊपर से कूदते दिखाई दिए। घटनास्थल पर पहुंची डॉग स्क्वायड टीम ने गार्डन, उस कमरे और पीछे खेत तक जांच की। पुलिस को आशंका है कि आरोपी पीछे की ओर से दाखिल हुए और उसी रास्ते से फरार हुए। कमरे के पास लगे पेड़ पर जूतों के रगड़ने के निशान भी मिले हैं।

एडिशनल पुलिस कमिश्नर ने घटनास्थल का दोबारा किया निरीक्षण

एडिशनल पुलिस कमिश्नर विपिन ताडा ने घटनास्थल का दोबारा निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि रमेश यादव की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है और दो संदिग्धों से पूछताछ हो रही है। फार्म हाउस में रहने वाले लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।