कानपुर में कंटेनर और बाइक की सीधी टक्कर: हादसे में मां और आठ माह की बच्ची की दर्दनाक मौत, पति गंभीर रूप से घायल

कानपुर में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पनकी थाना क्षेत्र के भौंती बाईपास (नेशनल हाईवे) पर शनिवार दोपहर तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक की सीधी टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दंपती गंभीर रुप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर बैठी 25 वर्षीय महिला और उसकी आठ माह की बेटी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा पति गंभीर रूप से घायल हो गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के दौरान अनियंत्रित कंटेनर सीधा महिला व उसके बच्ची के ऊपर चढ़ गया। इसके बाद दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तेज टक्कर के कारण महिला का पति बाइक से उछलकर काफी दूर जा गिरा। हादसे के बाद चारों तरफ चीख-पुकार मच गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
अस्पताल में भर्ती कराया गया घायल पति, चालक फरार
स्थानीय लोगों ने तुरंत इस घटना की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पनकी थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल पति को इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
परिजनों का हंगामा, पुलिस शांत कराने में जुटी
हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक महिला और बच्ची के परिजन भी रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। हादसे से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मौके पर जमकर हंगामा शुरू कर दिया। पनकी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराने और यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से बहाल करने के प्रयास में जुटे हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

