कानपुर के फैक्ट्री में लगी भीषण आग: दो मजदूरों की जिंदा जलकर मौत, मौके से भागा फैक्ट्री प्रबंधन

कानपुर|8 घंटे पहले
दो मजदूरों की जिंदा जलकर मौत, मौके से भागा फैक्ट्री प्रबंधन

कानपुर देहात में पुराने टायरों को गलाकर तेल बनाने वाली 'ओम जेवीआरडी'फैक्ट्री में एक भीषण हादसा हो गया। जिसमें दो मजदूरों की जिंदा जलकर मौत हो गई। दोनों ​मजदूर लगभग 30 फीट ऊंचे फ्यूल टैंक पर काम कर रहे थे, तभी अचानक टैंक में जोरदार धमाका हुआ और आग भड़क उठी। लपटों में घिरने के बाद दोनों मजदूर झुलसकर सीधे 30 फीट नीचे जमीन पर आ गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

धमाके और ऊंची-ऊंची लपटों को देखकर फैक्ट्री में भगदड़ मच गई। हादसे से डरे अन्य मजदूर और फैक्ट्री प्रबंधन मौके से तुरंत भाग निकले। शुरुआत में किसी भी जिम्मेदार व्यक्ति के न मिलने से पुलिस को शवों की शिनाख्त करने में काफी परेशानी हुई। आग इतनी भीषण थी कि आसमान में काले धुएं का गुबार और लपटें करीब दो किलोमीटर दूर से ही साफ देखी जा सकती थीं।

दमकल कर्मियों ने सूझबूझ से दूसरे टैंक को ब्लास्ट होने से बचाया

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए पानी और फोम की मदद से आग पर काबू पाया और पास में ही स्थित दूसरे तेल टैंक को कूलिंग देकर ब्लास्ट होने से बचा लिया।

नहीं हो सकी मजदूरों की पहचान

दो थानों की पूलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। वहीं, ग्रामीणों के मुताबिक फैक्ट्री रोजाना संचालित होती है। इस फैक्ट्री में करीब सात से आठ मजदूर काम करते हैं। सीओ सदर संजय सिंह ने बताया कि बताया कि फैक्ट्री प्रबंधन व मजदूरों के मौके पर न मिलने से टैंक के ऊपर चढ़कर काम करने वाले मजदूर की शिनाख्त नहीं हो सकी है। एक मजदूर के पास से जालौन जनपद के कालपी निवासी रियाज (45) नाम का आधार कार्ड मिला है। वहीं, दूसरे व्यक्ति के पास से कोई भी पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं। जालौन जनपद की पुलिस की मदद से मजदूर के परिजन का पता लगाकर शिनाख्त करवाने का प्रयास किया जा रहा है।

मौके पर दो थानों की पूलिस फोर्स तैनात

जरिहा गांव के बाहर संचालित टायर फैक्टरी में बने स्टोरेज टैंक में आग लगने के बाद उच्चाधिकारियों से लेकर रनियां व गजनेर थाने का फोर्स मुस्तैद रहा। वहीं, एसडीएम अमित कुमार, एसडीएम राज कुमार पांडेय तहसीलदार पवन कुमार सहित लेखपाल मौजूद रहे। सीएफओ प्रतीक श्रीवास्तव ने बताया की घटना के सही कारणों जांच की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।