कानपुर के फजलगंज चौकी में महिला से मारपीट का आरोप: तीन दिन हिरासत में रखने पर हंगामा, एसीपी ने दर्ज किए बयान

फजलगंज थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में एक महिला को तीन दिन तक चौकी में हिरासत में रखकर मारपीट करने का आरोप लगा है। महिला के परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने चौकी पहुंचकर हंगामा किया। मामला बढ़ने पर पुलिस ने मसाला कारोबारी की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया। सूचना पर एसीपी स्वरूप नगर ज्योति श्री मौके पर पहुंचीं और पीड़िता से बातचीत कर उसके बयान दर्ज किए।
काकादेव थाना क्षेत्र के राजापुरवा निवासी छाया घरों में चौका-बर्तन का काम करती हैं। उनकी दो बेटियां नव्या और प्रज्ञा हैं। उनके पति राजेश की दो साल पहले मौत हो चुकी है। करीब दो महीने पहले छाया ने नानक मसाले वालों के यहां काम शुरू किया था। इसी दौरान कारोबारी ने उन पर चोरी का आरोप लगाते हुए फजलगंज थाने में शिकायत दी। आरोप है कि सोमवार को पुलिस ने छाया को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। परिजनों का आरोप है कि चौकी इंचार्ज सचिन सागर और एक महिला पुलिसकर्मी ने उनके साथ मारपीट की। महिला की हालत बिगड़ने पर परिजन और परिचित चौकी पहुंच गए।
बंद कमरे में दर्ज किए बयान
परिजनों का कहना है कि छाया को बिना किसी ठोस आधार के तीन दिन तक चौकी में रोके रखा गया और प्रताड़ित किया गया। हंगामे की सूचना पर पहुंचीं एसीपी स्वरूप नगर ज्योति श्री ने बंद कमरे में पीड़िता से घटना की जानकारी ली और उसके बयान दर्ज किए।
पुलिस कमिश्नर ने जांच के दिए निर्देश
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया कि महिला ने अपराध स्वीकार किया था और बरामदगी के लिए पुलिस को तीन जगह ले गई थी, लेकिन चोरी का सामान बरामद नहीं कराया। बुधवार को मसाला कारोबारी की ओर से केस दर्ज किया गया। मामले की जांच एसीपी स्वरूप नगर ज्योति श्री को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि जांच में पुलिसकर्मी दोषी पाए गए तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

