कानपुर के फर्नीचर गोदाम में लगी भीषण आग: दो किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार, ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

कानपुर के चमनगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक प्लाईवुड और प्लास्टिक फर्नीचर गोदाम में लगी भीषण आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। संगीत टॉकीज के पास भन्नानापुरवा स्थित गोदाम में आग लगने के बाद कुछ ही मिनटों में पूरा परिसर धुएं और आग की लपटों से घिर गया। गोदाम में बड़ी मात्रा में प्लास्टिक फर्नीचर और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैल गई। घटना के दौरान उठता काला धुआं करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। जिससे आसपास के व्यापारिक क्षेत्रों और रिहायशी इलाकों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और व्यापक राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे गोदाम से धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गोदाम में रखे प्लास्टिक उत्पादों को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं का घना गुबार पूरे इलाके में फैल गया। आग की सूचना मिलते ही आसपास के प्लाईवुड, खाद्य तेल और अन्य व्यापारिक प्रतिष्ठानों के संचालकों ने अपने कर्मचारियों की मदद से दुकानें खाली करानी शुरू कर दीं। संभावित नुकसान से बचने के लिए कई दुकानदारों ने अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल इलाके की घेराबंदी कर दी। चमनगंज, सीसामऊ और रायपुरवा थानों की पुलिस मौके पर तैनात की गई। दमकल वाहनों के निर्बाध आवागमन के लिए घटनास्थल से करीब 100 मीटर पहले यातायात को डायवर्ट कर दिया गया। इससे राहत और बचाव कार्य में तेजी लाई जा सकी।
नौ दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग बुझाने के लिए लाटूश रोड, कर्नलगंज, फजलगंज, मीरपुर कैंट और किदवई नगर फायर स्टेशन से कुल नौ दमकल वाहन मौके पर भेजे गए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा के नेतृत्व में दमकल कर्मियों ने मोर्चा संभाला। घने धुएं और अत्यधिक गर्मी के बीच फायर कर्मियों को काफी कठिन परिस्थितियों में काम करना पड़ा। करीब ढाई घंटे की लगातार मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद भी काफी देर तक कूलिंग का कार्य जारी रखा गया। जिससे दोबारा आग भड़कने की आशंका समाप्त हो सके।
आग के कारणों की जांच शुरू
जानकारी के अनुसार, भवन के प्रथम तल पर प्लाईवुड का गोदाम संचालित था। जबकि दूसरी मंजिल पर हाल ही में प्लास्टिक फर्नीचर का गोदाम किराये पर लिया गया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गोदाम में नियमित बिजली कनेक्शन नहीं था। ऐसे में आग लगने के कारणों को लेकर कई संभावनाओं पर जांच की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि भीषण गर्मी, किसी चिंगारी या अन्य तकनीकी कारण से आग लगी हो सकती है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। फिलहाल किसी जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि, गोदाम में रखे लाखों रुपये मूल्य के सामान के नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









