कानपुर में सरकारी डॉक्टर ने किया सुसाइड: लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को मारी गोली, पुलिस ने कब्जे में लिया हथियार
शहर के निराला नगर स्थित ब्लॉसम अपार्टमेंट में सरकारी डॉक्टर ने लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक डॉक्टर की पहचान डॉ. संदीप सिंह के रूप में हुई है। वह कानपुर देहात में सरकारी चिकित्सक के पद पर तैनात थे। बताया गया कि रात करीब दो बजे पत्नी ने उन्हें घर में गंभीर हालत में देखा। इसके बाद परिजन उन्हें रीजेंसी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी रिवाल्वर कब्जे में ले लिया है।
दूसरी शादी के बाद छह महीने का बेटा
परिजनों के अनुसार संदीप ने तीन साल पहले कंचन से दूसरी शादी की थी। दोनों ने लव मैरिज की थी और उनका छह महीने का बेटा है। संदीप का पहली पत्नी से चार साल पहले तलाक हो चुका था। पहली पत्नी से उनकी पांच साल की बेटी है। संदीप के पिता राज बहादुर के मुताबिक घटना की जानकारी उन्हें रात में बहू कंचन के फोन से मिली। उन्होंने बताया कि कंचन ने फोन पर घटना की जानकारी दी और संदीप को अस्पताल ले जाने की बात कही।
पुलिस कर रही मामले की जांच
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की है। रिवाल्वर कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। घटना के पीछे की वजह जानने के लिए परिवार के लोगों से पूछताछ की जा रही है। डॉक्टर के पिता राज बहादुर ने भी घटना के संबंध में जानकारी दी है।
किदवई नगर थानाध्यक्ष नीरज द्विवेदी ने बताया-
सीने में गोली मारकर सुसाइड का मामला सामने आया है। प्रथमदृष्टया पारिवारिक कलह की आशंका है। शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पूछताछ के बाद मौत की सही वजह स्पष्ट होगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

