कानपुर में छह साल के बच्चे का अपहरण: बचाने आए पिता को लाठी-डंडों से पीटा, बंदूक की नोक पर घटना को दिया अंजाम

गुजैनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत जरौली इलाके में बंदूक की नोक पर छह साल के मासूम बच्चे हर्षित का अपहरण करने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश के छतरपुर से दो गाड़ियों में भरकर आए हथियारबंद दबंगों ने इस वारदात को अंजाम दिया। बच्चे को बचाने आए उसके पिता की दबंगों ने लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के दौरान मची चीख-पुकार सुनकर इकट्ठा हुए स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मौके से एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि बाकी आरोपी बच्चे को लेकर भागने में सफल रहे।
शुरुआती जांच के अनुसार, यह पूरी वारदात पति-पत्नी के आपसी विवाद और बच्चे की कस्टडी से जुड़ी हुई बताई जा रही है। अदालत द्वारा बच्चे की कस्टडी पिता को सौंपी गई थी, जिसके बाद से बच्चा अपने पिता के साथ रह रहा था। शुक्रवार को जब बच्चा स्कूल के पास था, तभी छतरपुर से आए दबंगों ने अचानक धावा बोल दिया और बंदूक तानकर उसका अपहरण कर लिया।
पकड़े गये आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। स्थानीय लोगों द्वारा पकड़े गए आरोपी को पुलिस ने अपनी हिरासत में ले लिया है और उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। कानपुर पुलिस ने बच्चे की सकुशल बरामदगी और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं और मध्य प्रदेश पुलिस से भी संपर्क साधा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बच्चे को बरामद कर लिया जाएगा और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

