कानपुर में नौवीं की छात्रा के साथ मामा ने दोस्तों संग मिलकर किया दुष्कर्म: गर्भवती होने पर कराया गर्भपात, गंभीर धाराओं में डॉक्टरों समेत 10 पर नामजद मुकदमा दर्ज

कानपुर|
गर्भवती होने पर कराया गर्भपात, गंभीर धाराओं में डॉक्टरों समेत 10 पर नामजद मुकदमा दर्ज

कानपुर में रिश्तों को तार-तार करने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कन्नौज में ननिहाल रहकर पढ़ाई कर रही नौवीं की एक छात्रा को उसके ही रिश्ते के मामा और उसके दो दोस्तों ने अपनी हवस का शिकार बनाया। लगातार छह महीने तक हुए यौन शोषण के कारण जब नाबालिग गर्भवती हो गई, तो मामले को दबाने के लिए आरोपियों ने परिवार के अन्य सदस्यों और डॉक्टर की मिलीभगत से उसका जबरन गर्भपात करा दिया। इस मामले में कानपुर की रावतपुर थाना पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर नाना-नानी, मामा-मामी और डॉक्टर समेत 10 नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और गर्भपात कराने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

शिकायत के मुताबिक, रावतपुर निवासी महिला की बेटी कन्नौज जिले के तिर्वा कोतवाली क्षेत्र स्थित अपने नाना-नानी के घर रहकर नौवीं कक्षा की पढ़ाई कर रही थी। आरोप है कि मई महीने से रिश्ते में लगने वाले उसके मामा ने लड़की के साथ दुष्कर्म करना शुरू किया। बाद में मामा ने अपने दो दोस्तों को भी इसमें शामिल कर लिया और करीब पांच-छह महीने तक तीनों बारी-बारी से छात्रा का शारीरिक शोषण करते रहे। डर और सामाजिक दबाव के कारण किशोरी लंबे समय तक चुप रही। जब उसने यह बात अपने नाना-नानी को बताने की कोशिश की, तो उन्होंने भी डांट-डपट कर उसे चुप करा दिया।

चार महीने से अधिक का गर्भ गिराया

लगातार शोषण के चलते जब छात्रा गर्भवती हो गई, तो आरोपियों के पैर उखड़ गए। आरोप है कि मामले को छिपाने के लिए करीब 4 महीने 20 दिन के गर्भ का जबरन गर्भपात करा दिया गया। इसके बाद साजिश के तहत नानी बीमारी का बहाना बनाकर किशोरी को कानपुर में उसकी मां के पास छोड़ आई और पूरा परिवार वहां से फरार हो गया। घर पर बेटी को लगातार गुमसुम और डरा हुआ देखकर जब मां ने सख्ती से पूछा, तो पीड़िता फूट-फूट कर रो पड़ी और अपनी आपबीती सुनाई।

मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत के बाद दर्ज हुआ केस

पीड़िता की मां ने पहले मुख्यमंत्री पोर्टल पर इसकी शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मां-बेटी रावतपुर थाने पहुंचे और लिखित तहरीर दी। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तुरंत ऐक्शन लिया और पॉक्सो एक्ट, सामूहिक दुष्कर्म व अन्य संगीन धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली।

डीसीपी पश्चिम का बयान

मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया, "पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता के बयान दर्ज कराए जा रहे हैं। इसके साथ ही गर्भपात से जुड़े मेडिकल दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों को जुटाकर उनकी चिकित्सकीय जांच कराई जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।" पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं ।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।