कानपुर में गणेश विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं पर हमला: चार सेकेंड में दागे तीन बम, पुरानी रंजिश के चलते लाठी-डंडों से किया हमला

कानपुर|7 घंटे पहले
चार सेकेंड में दागे तीन बम, पुरानी रंजिश के चलते लाठी-डंडों से किया हमला

कानपुर में गणेश विसर्जन यात्रा पर हमलावरों ने चार सेकेंड में तीन बम फोड़े। इसके बाद 2-3 राउंड फायरिंग की। धुआं फैलते ही श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई। कुछ भक्त सड़क पर गिर गए। इसी दौरान करीब 15-20 हमलावरों ने उन्हें घेरकर लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। बाइकों में भी तोड़फोड़ की। महिलाओं और बच्चों ने हमलावरों से बचने के लिए खेतों में कूदकर जान बचाई। इस दौरान कई बच्चों के पैरों में कांटे घुस गए।

यह हैरान कर देने वाली हिंसक घटना कानपुर के साउथ ज़ोन स्थित गुजैनी थाना क्षेत्र के फत्तेपुर गांव की है। यहां गणेश विसर्जन यात्रा निकाल रहे श्रद्धालुओं पर दबंगों ने अचानक बमबाजी, फायरिंग और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें महिला समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जब श्रद्धालु डीजे की धुन पर नाचते-गाते विसर्जन के लिए जा रहे थे, तभी अचानक हमलावरों ने महज 4 सेकंड के भीतर 3 बम फोड़ दिए। बमबाजी के कारण मौके पर धुएं का गुबार छा गया और यात्रा में भगदड़ मच गई।

बाइकों को किया क्षतिग्रस्त

बम धमाकों के बाद करीब दो दर्जन हमलावर लाठी-डंडे और कुल्हाड़ी लेकर टूटे और भक्तों को बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान उपद्रवियों ने सड़क पर खड़ी श्रद्धालुओं की कई बाइकों को भी तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित अर्पित शुक्ला के मुताबिक, पिछले साल मोहल्ले के ही शोभित सिंह राना नाम के युवक से उनका विवाद हुआ था। शोभित केस वापस लेने का दबाव बना रहा था और इसी खुन्नस में उसने फत्तेपुर गांव में पहले से घात लगाकर अपने साथियों के साथ यह हमला करवाया।

पुलिस ने नामजद आरोपियों के ​खिलाफ दर्ज की FIR

हंगामे की सूचना मिलते ही एसीपी नौबस्ता और गुजैनी पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने इस मामले में पांच नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।