कानपुर में राधिका अपार्टमेंट में लगी भीषण आग: महिला और एक किशोर की मौत, इमारत में फंसे आठ लोगों का किया गया रेस्क्यू

फीलखाना थाना क्षेत्र के पटकापुर स्थित पांच मंजिला राधिका अपार्टमेंट में सोमवार तड़के करीब 4:30 से 4:54 बजे के बीच भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में एक महिला और एक किशोर की मौत हो गई है, जबकि झुलसे हुए अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है। दमकल विभाग और पुलिस की टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इमारत में फंसे आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
प्राथमिक जांच के अनुसार, अपार्टमेंट की पार्किंग में शॉर्ट सर्किट के कारण खड़े दोपहिया वाहनों में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बिल्डिंग में काला व जहरीला धुआं भर गया। अपार्टमेंट में करीब 12 फ्लैट हैं और सुबह का समय होने के कारण अधिकतर लोग सो रहे थे। धुआं और लपटें देख इमारत में अफरातफरी मच गई और कुछ लोगों ने जान बचाने के लिए ऊपर की मंजिलों व बालकनी से छलांग लगा दी।
मृतकों और घायलों का विवरण
स्थानीय लोगों की सूचना पर फीलखाना व कोतवाली पुलिस के साथ लाटूश रोड और कर्नलगंज फायर स्टेशन से दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जवानों ने सीढ़ियों की मदद से बुजुर्ग, महिलाओं और बच्चों समेत आठ लोगों का रेस्क्यू किया। हादसे में झुलसे व घायल हुए लोगों को तत्काल उर्सुला अस्पताल ले जाया गया। हादसे में जितेंद्र साहू की पत्नी राखी साहू (45) और अनिल कुमार बाथम के बेटे प्रांजल बाथम (15-16 वर्ष) की इस हादसे में जान चली गई। घायल प्रांजल की मां मीता बाथम झूलसने और ऊपर से कूदने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। वैभव गुप्ता का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
प्रशासनिक कार्रवाई और जांच
एसीपी कोतवाली अमित पांडे और मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी की। पार्किंग में खड़ी बाइक और स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम आग लगने के सटीक कारणों और इमारत के सुरक्षा मानकों की विस्तृत जांच कर रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।