कानपुर में रोडवेज बस ने सब्जी कारोबारी को मारी टक्कर: दुकान बंद कर पैदल घर लौट रहा था युवक, बस चालक वाहन समेत फरार

कानपुर|
दुकान बंद कर पैदल घर लौट रहा था युवक,  बस चालक वाहन समेत फरार

नवाबगंज थाना क्षेत्र में गंगा बैराज रोड पर एक तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान चिड़ियाघर के पास रहने वाले सुनित निषाद के रूप में हुई है, जो अमरूद मंडी में सब्जी के थोक कारोबारी थे। इस घटना के बाद पुलिस की कथित संवेदनहीनता से नाराज परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने नवाबगंज थाने का घेराव किया और सड़क पर भीषण जाम लगाकर जोरदार हंगामा किया।

मृतक के भाई सुनील के मुताबिक, सुनित अपनी दुकान बंद करने के बाद पैदल ही घर लौट रहे थे। जब वह गंगा बैराज मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। परिजनों का गंभीर आरोप है कि टक्कर मारने के बाद बस चालक ने घायल की मदद करने के बजाय भागने की कोशिश की और इस दौरान उसने सुनित को बुरी तरह कुचल दिया। सुनित काफी देर तक सड़क पर ही खून से लथपथ हालत में तड़पते रहे।

पुलिस पर लगा समय से अस्पताल न पहुंचाने का आरोप

हादसे को लेकर परिजनों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस की पीआरवी मौजूद थी। राहगीर और पुलिसकर्मी घायल को सड़क पर तड़पता देखते रहे, लेकिन उन्होंने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए कदम नहीं उठाया। बाद में जब वहां मौजूद अन्य राहगीरों ने दबाव बनाया, तब पुलिसकर्मी सुनित को गंभीर हालत में एलएलआर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों का साफ कहना है कि अगर पुलिस तत्परता दिखाती और समय पर इलाज मिल जाता, तो सुनित की जान बचाई जा सकती थी।

थाने का किया घेराव

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। आक्रोशित परिजनों और भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने नवाबगंज थाने का घेराव कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी रोडवेज बस चालक की तत्काल गिरफ्तारी, सख्त कानूनी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। देर रात तक थाने के बाहर भारी हंगामा और नारेबाजी चलती रही।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उग्र भीड़ को समझाने-बुझाने का प्रयास किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपी बस और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है, साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर उचित धाराओं में मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।