कानपुर में पुल से नीचे गिरी ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली: हादसे में सास-बहू की मौत, तीन लोग घायल

कानपुर|
हादसे में सास-बहू की मौत, तीन लोग घायल

फजलगंज थाना क्षेत्र के दादानगर पुल पर ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पुल के पोल से टकरा गई और फिर रेलिंग तोड़ते हुए नीचे बनी झोपड़ियों पर जा गिरी। इस भीषण हादसे में मलबे के नीचे दबने से एक ही परिवार की सास और बहू की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

पुलिस और चश्मदीदों के मुताबिक, विजयनगर की ओर आ रही ईंटों से लदी यह ट्रैक्टर-ट्रॉली तेज रफ्तार में थी। दादानगर पुल पर संतुलन खोने के बाद यह नीचे कच्चे मकान पर पलट गई। हादसे के वक्त झोपड़ी के अंदर पूरा परिवार सो रहा था, जो अचानक मलबे और ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे दब गया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची फजलगंज थाना पुलिस ने मेट्रो कर्मचारियों और क्रेन की मदद से ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटवाया और दबे हुए लोगों को बाहर निकालकर हैलट अस्पताल पहुंचाया।

बाल-बाल बचा बेटा

इलाज के दौरान 65 वर्षीय सियावती सिंह और उनकी 35 वर्षीय बहू पुष्पा देवी उर्फ अंजना की दम तोड़ने के कारण मौत हो गई। मृतका पुष्पा के पति सजीवन उर्फ बउआ और उनकी 7 वर्षीय बहन मिष्ठी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। परिवार का एक बेटा कृष्णा इस हादसे में बाल-बाल बच गया। परिवार सड़क किनारे रहकर पत्थर की मूर्तियां और सिलबट्टे बेचकर अपनी आजीविका चलाता था। कुछ ही घंटों पहले करवाचौथ को लेकर घर में खुशी का माहौल था, जो इस हादसे के बाद मातम में बदल गया।

मौके से चालक और मजदूर फरार

स्थानीय लोगों का आरोप है कि ट्रैक्टर पर तीन लोग सवार थे और वे नशे की हालत में थे। हादसे के बाद आरोपी चालक और उसके साथ मौजूद मजदूर मौके से भागने में सफल रहे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश के साथ-साथ आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है। क्रेन द्वारा वाहन को हटाए जाने के बाद ही मार्ग पर यातायात को सुचारू किया जा सका।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।