कानपुर में पेड़ से लटकता मिला युवक का शव: दो दिन से था लापता, थाने में दर्ज थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

घाटमपुर क्षेत्र में दो दिन से लापता युवक का शव रविवार को गांव के किनारे पेड़ से लटका हुआ पाया गया। शव मिलने की सूचना से इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते युवक की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाए जाने की आशंका जताई हैं।
जानकारी के अनुसार, घाटमपुर के बलहापारा गांव का रहने वाला एक युवक बीते दो दिनों से संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता था। परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिल सका था। शनिवार शाम को परिजनों थाने में जाकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रविवार को ग्रामीणों ने गांव के बाहर किनारे स्थित एक पेड़ पर युवक का शव देखा, जिसके बाद पुलिस और परिजनों को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस तुरंत बलहापारा गांव पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। मामले की गंभीरता और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को देखते हुए पुलिस ने तुरंत फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य और फिंगरप्रिंट जुटाए हैं।
परिजनों ने पुलिस से कि निष्पक्ष जांच की मांग
मृतक के परिजनों का आरोप है कि यह आत्महत्या का मामला नहीं है, बल्कि किसी ने जानबूझकर युवक की हत्या की है और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को पेड़ से टांग दिया है। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को वहां से बरामद किया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। परिजनों की तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

