कानपुर में उड़ान के दौरान ट्रेनिंग विमान क्रैश: एक पायलट की मौत दूसरा गंभीर घायल, धमाके के साथ गिरा ट्विन इंजन एयरक्राफ्ट
जिले में गुरुवार दोपहर गंगा किनारे नत्था पुरवा गांव के पास ट्रेनिंग विमान क्रैश हो गया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ट्विन इंजन विमान उड़ान के दौरान अचानक धमाके के साथ नीचे गिरा। हादसे में एक पायलट की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। विमान के जमीन पर गिरते ही इलाके में भगदड़ मच गई। धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण डरकर मौके से दूर भागने लगे।
विमान हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। जवानों ने घायल पायलट को विमान से बाहर निकाला और तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्रशासनिक टीम भी मौके के लिए रवाना हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल के आसपास जुट गए।
क्रैश की वजह पता लगाने में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल पर जांच शुरू कर दी है। विमान किन परिस्थितियों में क्रैश हुआ और उड़ान के दौरान धमाका किस वजह से हुआ? इसकी पड़ताल की जा रही है। प्रशासन और पुलिस की टीमें हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटा रही हैं।











