कानपुर में युवक की गोली मारकर हत्या: घर के दरवाजे पर था खड़ा, पुरानी रंजिश में मर्डर का आरोप

कानपुर|03 सितंबर 2026
घर के दरवाजे पर था खड़ा, पुरानी रंजिश में मर्डर का आरोप

चौबेपुर थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव में घर के बाहर टहल रहे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। भोजन करने के बाद युवक घर के बाहर खड़ा था। इसी दौरान अज्ञात हमलावर ने मौका देखकर उसे गोली मार दी। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो वह खून से लथपथ जमीन पर पड़ा मिला। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

परिजनों के मुताबिक, गिरजाशंकर खाना खाने के बाद घर के दरवाजे पर खड़ा था। अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक गिरजाशंकर गंभीर रूप से घायल हो चुका था। गोली लगने से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वारदात के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।

घटना के बाद से आरोपी फरार

परिजनों और ग्रामीणों ने गांव के ही कुलदीप कुमार पुत्र राम औतार पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच पहले से विवाद और रंजिश चली आ रही थी। इसी पुरानी दुश्मनी को हत्या की वजह माना जा रहा है। हालांकि, हत्या के वास्तविक कारण और वारदात में आरोपी की भूमिका पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। घटना के बाद आरोपी के फरार होने की बात सामने आई है।

मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही चौबेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाए और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द आरोपी को अरेस्ट किया जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।