कानपुर में थिनर डालकर रिटायर्ड सिंचाईकर्मी ने लगाई आग: पड़ोसी ने छत से कूदकर बचाया, अस्पताल में हुई बुजुर्ग की मौत
कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के सावित्री नगर में गुरुवार सुबह रिटायर्ड सिंचाईकर्मी ने खुद को आग लगा ली। 75 वर्षीय राम रतन शाहू ने शरीर पर ज्वलनशील तरल पदार्थ थिनर डालकर आग लगाई। घटना के दौरान शोर सुनकर पड़ोसी सुरजीत तिवारी ने उन्हें बचाने की कोशिश की। गंभीर रूप से झुलसे राम रतन को पुलिस ने कांशीराम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पड़ोसी सुरजीत तिवारी ने बताया कि घटना के समय वह सो रहे थे। अचानक चीख सुनकर उनकी नींद खुली। कमरे से बाहर निकलकर छत पर पहुंचे तो राम रतन आग की लपटों में घिरे दिखाई दिए। उन्होंने अपनी छत से कूदकर राम रतन की छत पर पहुंचने की कोशिश की। वहां पहुंचकर उन्होंने छत का दरवाजा खोला। इसके बाद राम रतन की बेटी और दामाद भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस अधिकारियों ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राम रतन को अस्पताल ले गई। हालांकि, डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। जानकारी मिलने पर एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह और एसीपी भी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।











