कौशांबी में बदमाशों ने सर्राफा व्यापारी से की लूट: हेलमेट व डंडे से किए ताबड़तोड़ वार, हवाई फायरिंग कर लूटे पांच लाख से अ​धिक के जेवर

कौशांबी|
हेलमेट व डंडे से किए ताबड़तोड़ वार, हवाई फायरिंग कर लूटे पांच लाख से अ​धिक के जेवर

कोखराज थाना क्षेत्र के सिहोरी टोल प्लाजा के पास बदमाशों के हौसले बुलंद देखने को मिले हैं। बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी को सरेराह ओवरटेक कर रोका और उन पर हेलमेट व डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बदमाशों ने व्यापारी को डराने के लिए हवाई फायरिंग भी की और उनके पास मौजूद 20 हजार रुपये कैश, एक किलो चांदी और 20 ग्राम सोने के आभूषण लूटकर फरार हो गए। लूटे गए कुल माल की कीमत करीब ₹6 लाख आंकी जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए कौशांबी के पुलिस अधीक्षक (SP) सत्य नारायण प्रजापत ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया है।

पीड़ित सर्राफा व्यापारी की पहचान मूरतगंज निवासी सुरेश चंद्र सोनी के रूप में हुई है। सुरेश चंद्र पड़ोसी जिले प्रतापगढ़ के कुंडा में अपनी आभूषण की दुकान चलाते हैं। हर रोज की तरह वह दुकान बंद कर अपनी स्प्लेंडर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह सिहोरी टोल प्लाजा को पार कर आगे बढ़े, तभी पीछे से एक लाल रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।

तमंचा सटाकर दी जान से मारने की धमकी

पीड़ित के मुताबिक, जैसे ही उन्होंने बाइक रोकी, बदमाशों ने उन पर हेलमेट और डंडे से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। व्यापारी ने जब इस लूटपाट का विरोध करने का प्रयास किया, तो एक बदमाश ने तमंचे से हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। इसके बाद बदमाशों ने व्यापारी के सिर पर कट्टा सटाकर जान से मारने की धमकी दी और पैंट की जेब से ₹20,000 नकद व आभूषणों से भरा बैग छीनकर फरार हो गए।

नाकाबंदी कर तलाश जारी

घायल और सहमे हुए सर्राफा कारोबारी ने किसी तरह अपने परिजनों और पुलिस को इस वारदात की सूचना दी। हाईवे पर हुई इस बड़ी लूट की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस अधीक्षक सहित आला अधिकारियों ने तुरंत घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना कोखराज में पीड़ित की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टोल प्लाजा और हाईवे के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों के भागने के रूट का पता लगाया जा सके। एसपी ने दावा किया है कि गठित की गईं चारों टीमें संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और जल्द ही लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।