कौशांबी में करंट लगने से अधेड़ की मौत: मौके से फरार हुई विजिलेंस की टीम, ग्रामीणों ने जताया भारी विरोध

कौशांबी|
मौके से फरार हुई विजिलेंस की टीम, ग्रामीणों ने जताया भारी विरोध

कौशांबी जिले में बिजली चोरी रोकने गई विजिलेंस टीम की कार्रवाई के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। विजिलेंस टीम की मौजूदगी में अवैध तार निकालते समय करंट की चपेट में आने से एक 50 वर्षीय अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और ग्रामीणों के भारी विरोध को देखते हुए विजिलेंस टीम मौके से गाड़ी छोड़कर भाग निकली।

जानकारी के मुताबिक, कौशांबी के एक गांव में बिजली विभाग की विजिलेंस टीम पुलिस बल के साथ बिजली चोरी के खिलाफ चेकिंग करने पहुंची थी। टीम ने एक घर में अवैध रूप से चल रहे कटिया कनेक्शन को पकड़ा। आरोप है कि विजिलेंस टीम के दबाव में पीड़ित व्यक्ति खुद ही पोल से तार हटाने लगा। इसी दौरान तार में अचानक तेज करंट आ गया और वह उसकी चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना जोरदार था कि अधेड़ की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।

ग्रामीणों ने बिजली विभाग के ​खिलाफ की नारे बाजी

जैसे ही अधेड़ जमीन पर गिरा, वहां मौजूद विजिलेंस टीम और कर्मचारियों के हाथ-पांव फूल गए। ग्रामीणों को इकट्ठा होते देख और स्थिति बिगड़ती भांपकर टीम के सदस्य अपने वाहन और सरकारी सामान छोड़कर मौके से फरार हो गए। हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और उन्होंने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि टीम ने जबरन और बिना सुरक्षा उपायों के अधेड़ को पोल से तार निकालने को मजबूर किया।

आक्रो​शित ग्रामीणों को समझाने में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और गुस्साए ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है। बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों का कहना है कि मामले की विभागीय जांच भी कराई जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।