कौशांबी में मिली युवक की सिरकटी लाश: चारपाई पर पड़ा था धड़, बेटे की दवा लेने निकला था मृतक
सदर कोतवाली क्षेत्र के समदा गांव में मंगलवार सुबह एक युवक की निर्मम हत्या का मामला सामने आया। राम गमन पथ के किनारे निर्माणाधीन मकान में युवक का शव मिला। उसका धड़ चारपाई पर पड़ा था, जबकि सिर जमीन पर था। शव के आसपास काफी खून फैला हुआ था। सुबह करीब आठ बजे एक ग्रामीण ने शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को बुलाकर शव की पहचान कराई। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और जरूरी कार्रवाई के बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
समदा गांव निवासी शकील अहमद प्लंबिंग-इलेक्ट्रिशियन का काम करते थे। परिवार में पत्नी जारा और तीन साल का बेटा जफर है। परिजनों के मुताबिक, सोमवार रात बेटे की तबीयत खराब हो गई थी। उसे दवा दिलाने की बात कहकर शकील घर से निकले थे। काफी देर बीतने के बाद भी जब वह वापस नहीं लौटे तो परिवार ने फोन करना शुरू किया, लेकिन शकील का मोबाइल नहीं उठा। इसके बाद परिजनों ने आसपास और संभावित जगहों पर उनकी तलाश शुरू कर दी। जारा के मुताबिक, परिवार के लोग पूरी रात शकील को खोजते रहे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
दो घंटे बाद मिला शव
लगातार तलाश के बावजूद शकील का पता नहीं चलने पर परिजनों ने मंगलवार सुबह करीब छह बजे मंझनपुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल तलाश शुरू कर दी। इसी बीच करीब आठ बजे राम गमन पथ के किनारे निर्माणाधीन मकान में शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की स्थिति देखकर जांच शुरू की। बाद में परिजनों को बुलाया गया, जिन्होंने शव की पहचान शकील अहमद के रूप में की।
तीन टीमें कर रहीं जांच
घटना की सूचना पर पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड को भी मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई गई। फोरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापति ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वारदात के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मामले में एफआईआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। एसपी ने जल्द घटना का खुलासा कर आरोपित की गिरफ्तारी का भरोसा दिया है।




