कौशांबी में बाइक सवार को चार युवकों ने पीटा: कार से टक्कर मारने के बाद हुआ विवाद, पेट्रोल भरवाने जा रहा था युवक
कौशांबी के संदीपन घाट थाना क्षेत्र के कोइलहा गांव स्थित पेट्रोल पंप पर कार और बाइक की टक्कर के विवाद में युवकों ने एक बाइक सवार की पिटाई कर दी। बाइक सवार का नाम मनोज कुमार है। जो रसूलाबाद उर्फ कोइलहा का निवासी हैं। उसने इस घटना की शिकायत पुलिस से की।
मनोज ने चार अज्ञात युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान व जांच की जा रही है।
पास आकर गाली-गलौज करने लगे युवक
मनोज कुमार ने बताया कि मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे वह बाइक से पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने जा रहे थे। पेट्रोल पंप के पास पीछे से आई एक कार ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। मनोज बिना विवाद किए पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने लगा। मनोज का आरोप है कि इसके बाद कार सवार एक युवक उनके पास आया और गाली-गलौज करने लगा। जब उसने विरोध किया, तो उस युवक ने अपने तीन और साथियों को बुला लिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई घटना
आरोप है कि चारों युवकों ने मनोज के साथ मारपीट शुरू कर दी। एक आरोपी ने पेट्रोल पंप पर रखी ईंट उठाकर मनोज पर हमला करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मनोज को बचाया। मनोज ने बताया कि यह घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ है।
आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने शिकायत और गाड़ी नंबर के आधार पर वीडियो में दिख रहे चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान कर मामले की जांच कर रही है। सब इंस्पेक्टर जग रूप यादव को इस मामले की जांच सौंपी गई है।









