कुशीनगर में टला बड़ा हादसा: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के काफिले की तीन गाड़ियां भिड़ीं, पुलिस एस्कॉर्ट समेत सभी क्षतिग्रस्त

कुशीनगर में शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के काफिले में शामिल तीन गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हाटा-कप्तानगंज मार्ग पर मथौली नगर पंचायत कार्यालय के सामने हुए इस हादसे में पुलिस एस्कॉर्ट समेत तीनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में सुकरौली की ब्लॉक प्रमुख रंजना पासवान और सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का काफिला शुक्रवार को कप्तानगंज की ओर से हाटा जा रहा था। रास्ते में मथौली नगर पंचायत कार्यालय के सामने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम के बाद जैसे ही काफिला हाटा की ओर आगे बढ़ा, पीछे चल रहे तीन वाहन अनियंत्रित होकर एक-दूसरे से जा भिड़े।
ये तीन गाड़ियां हुईं क्षतिग्रस्त
इस टक्कर में काफिले के पीछे चल रही गोरखपुर के किसान मोर्चा के एक पदाधिकारी की गाड़ी, सुकरौली ब्लॉक प्रमुख रंजना पासवान की स्कॉर्पियो और सुरक्षा में तैनात पुलिस की टाटा सूमो शामिल थीं। तीनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है।
अफरा-तफरी के बाद काफिला आगे रवाना
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंच गए। टक्कर के कारण काफिले में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, किसी के गंभीर रूप से घायल न होने पर सभी ने राहत की सांस ली। मौके पर मौजूद कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष का काफिला अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गया।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।