कुशीनगर में बड़ा हादसा: कार और क्रेन की टक्कर में दो लोगों की मौत, देवरिया से लौट रहे थे दोनों

कुशीनगर|
कार और क्रेन की टक्कर में दो लोगों की मौत, देवरिया से लौट रहे थे दोनों
सेव सूची

कुशीनगर जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक कार और क्रेन के बीच आमने-सामने की टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, ये दोनों लोग देवरिया में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद कार से अपने घर लौट रहे थे और इसी दौरान कप्तानगंज-परतावल मार्ग पर इंदुपुर चौराहे के पास उनकी कार सामने से आ रही क्रेन से टकरा गई। हादसे में कार सवार दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।

महराजगंज के रहने वाले हैं दोनों मृतक

स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना कप्तानगंज पुलिस को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने दोनों घायलों को कार से बाहर निकाला और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कप्तानगंज पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान महराजगंज जिले के भिटौली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर देउरवा निवासी नित्यानंद मणि त्रिपाठी (49) और कार चालक उद्धव पांडेय (44) के रूप में हुई है। नित्यानंद मणि त्रिपाठी जोखन मणि त्रिपाठी इंटर कॉलेज, लक्ष्मीपुर देउरवा में प्रधानाचार्य थे।

जानकारी के मुताबिक दोनों देवरिया में नित्यानंद के भाई की ससुराल में आयोजित ब्रह्मभोज कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद वे कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कप्तानगंज-परतावल मार्ग पर इंदरपुर के पास सामने से आ रही क्रेन ने उनकी कार को टक्कर मार दी।

कप्तानगंज के थाना प्रभारी धीरेंद्र राय ने बुधवार को बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना में शामिल क्रेन को कब्जे में ले लिया है, जबकि उसका चालक फरार है। मामले की जांच की जा रही है।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।