कुशीनगर में बहू की विदाई के दौरान टकराव: मारपीट में भतीजे की मौत, तीन आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज

पटहेरवा थाना क्षेत्र के अशोगवा गांव स्थित रुनिहवा टोले में बहू की विदाई को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि मारपीट के दौरान गंभीर रूप से घायल 26 वर्षीय युवक की मेडिकल कॉलेज पडरौना ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। वह अपने चाचा के साथ वहां पहुंचे थे। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पत्नी की तहरीर पर पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, चौराखास थाना क्षेत्र के कस्तूरवा निवासी नवी मंसूरी के बेटे इंशाद (28) की शादी करीब पांच वर्ष पहले अशोगवा गांव के रुनिहवा टोले के इस्लाम की बेटी मुस्कान से हुई थी। दंपती के दो बच्चे हैं। बेटे समीर की उम्र चार वर्ष और बेटी सुहानी की उम्र दो वर्ष है। इंशाद नौकरी के सिलसिले में विदेश चला गया था। उसके विदेश जाने के बाद मुस्कान और उसके सास-ससुर के बीच अक्सर कहासुनी होने लगी। इसके बाद मुस्कान दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई।
बच्चों को साथ ले जाने की जिद पर बढ़ा विवाद
बताया गया कि नवी मंसूरी कई बार बहू को घर वापस ले जाने के लिए मनाने पहुंचे, लेकिन वह तैयार नहीं हुई। नवी अपनी पत्नी के साथ मुस्कान के मायके पहुंचे। उन्होंने बहू से घर चलने को कहा, लेकिन उसने और उसके परिजनों ने इनकार कर दिया। इस दौरान नवी ने नाती और नातिन को भी साथ ले जाने की जिद की। इसी बात पर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। नवी का आरोप है कि उनके समधी और बेटों ने उनके तथा उनकी पत्नी के साथ मारपीट की।
सीढ़ियों पर चढ़ते समय लाठी-डंडों से किया हमला
नवी ने अपने भाई के बेटों हैदर और इब्राहिम को फोन कर मौके पर बुलाया, ताकि वे सुरक्षित घर लौट सकें। सूचना मिलने पर दोनों वहां पहुंचे। आरोप है कि मुस्कान के मायके पक्ष के लोग छत पर चले गए। बातचीत के लिए दोनों भतीजे सीढ़ियों से ऊपर जाने लगे, तभी उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। हमले में इब्राहिम के सिर में गंभीर चोट लगी और वह बेहोश होकर गिर पड़ा। नवी मंसूरी को भी चोटें आईं। आरोप है कि घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हुई मौत
परिजन घायल इब्राहिम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फाजिलनगर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे मेडिकल कॉलेज पडरौना रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर पडरौना जा रहे थे, तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पटहेरवा थानाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी सलमा खातून की तहरीर पर पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

