कुशीनगर में सड़क किनारे मिला युवक का शव: परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, शव रखकर किया प्रदर्शन

कुशीनगर|8 घंटे पहले
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, शव रखकर किया प्रदर्शन

कुशीनगर के कसया थाना क्षेत्र के डुमरी चूरामन छपरा गांव में मंगलवार सुबह एक युवक का शव घर के सामने सड़क किनारे मिलने से सनसनी फैल गई। युवक सोमवार रात मकान में सोने गया था। सुबह शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। परिजनों ने युवक की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंके जाने का आरोप लगाया है।

मृतक की पहचान डुमरी चूरामन छपरा निवासी कोटेदार योगेंद्र मद्धेशिया के 22 वर्षीय बेटे मोहित मद्धेशिया के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मोहित सोमवार रात गांव के बाहर हेतिमपुर-गोबरही मार्ग पर स्थित अपने मकान में सोने गया था। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने मकान के सामने सड़क किनारे उसका शव पड़ा देखा। इसकी जानकारी परिजनों को दी गई। जिसके बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। मोहित चार भाइयों में सबसे छोटा था। वह धनकुटी मशीन चलाकर परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। उसके तीन बड़े भाइयों का विवाह हो चुका है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

घटना को लेकर प्रेम प्रसंग की चर्चा

परिजनों का आरोप है कि मोहित की हत्या मकान के अंदर की गई और इसके बाद शव को बाहर सड़क किनारे फेंक दिया गया। हालांकि, हत्या के पीछे का कारण क्या था और वारदात में कौन शामिल है, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी नहीं हो सकी है। घटना को लेकर प्रेम प्रसंग की चर्चा भी सामने आई है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

अ​धिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

घटना की सूचना मिलते ही सीओ कसया डॉ. अजय कुमार सिंह, तहसीलदार धर्मवीर सिंह और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की और जरूरी साक्ष्य जुटाए।

कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन

कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने शव को गोबरही-हेतिमपुर मार्ग पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। सड़क पर शव रखे जाने से मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

प्रदर्शन की सूचना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।