कुशीनगर में रोडवेज बस की चपेट में आने से स्टाप नर्स की मौत: 17 से अ​धिक घायल, नशे में धुत चालक ने पांच किलोमीटर तक मचाया तांडव

कुशीनगर|
17 से अ​धिक घायल, नशे में धुत चालक ने पांच किलोमीटर तक मचाया तांडव

पडरौना एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। पडरौना सरकारी बस स्टेशन से एक खाली रोडवेज बस लेकर निकले शराब के नशे में धुत चालक ने सड़क पर जमकर कहर बरपाया। बिना यात्रियों के तेज रफ्तार में दौड़ रही इस बस ने पश्चिमी गंडक नहर पुल से लेकर रवींद्र नगर धूस तक करीब पांच किलोमीटर के दायरे में कई राहगीरों और वाहनों को बेरहमी से रौंद डाला।

इस भीषण हादसे में पडरौना के छावनी मोहल्ले में किराए पर रहकर एक निजी अस्पताल में काम करने वाली स्टाफ नर्स नेहा मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 से 19 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

पांच किलोमीटर तक 'मौत' बनकर दौड़ी बस

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, कसया थाना क्षेत्र के झुगवां गांव का रहने वाला 40 वर्षीय बस चालक अजीत विश्वकर्मा पूरी तरह शराब के नशे में धुत था। उसने सबसे पहले पडरौना के सुभाष चौक पर सड़क किनारे खड़े दो ऑटो को टक्कर मारी। इसके बाद वह बस की रफ्तार बढ़ाकर भागने लगा। रास्ते में पीड़ी मॉल के पास खड़ी एक कार, छावनी मोहल्ला, सोहरौना और रवींद्र नगर धूस समेत कई जगहों पर जो भी सामने आया, बस उसे कुचलते हुए आगे बढ़ती गई। करीब 20 मिनट तक सड़क पर चीख-पुकार का माहौल बना रहा।

ड्यूटी पर जा रही स्टाफ नर्स ने गंवाई जान

मृतका नेहा मिश्रा मूल रूप से कसया थाने के नीबीडीह गांव की रहने वाली थी। वह पडरौना के न्यू लाइफ केयर नामक एक निजी अस्पताल में स्टाफ नर्स थी। मंगलवार शाम जब वह कमरे से निकलकर अपनी ड्यूटी पर जा रही थी, तभी छावनी मोहल्ले के पास वह इस बेकाबू बस की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नेहा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घायलों की स्थिति और राहत कार्य

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एएसपी सिद्धार्थ वर्मा और पडरौना कोतवाली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए रवींद्र नगर धूस के पास घेराबंदी करके बस को रुकवाया और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। हादसे में घायल नीलू प्रजापति, हर्षिता, तौफीक, बलिस्टर, अमरनाथ यादव समेत सभी 17 से अधिक घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से गंभीर रूप से घायल 4 लोगों की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है।

पुलिस की कार्रवाई

कुशीनगर के एसपी केशव कुमार और एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि दुर्घटना बेहद दुखद है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त रोडवेज बस और आरोपी चालक अजीत विश्वकर्मा को कब्जे में ले लिया है। चालक की मेडिकल जांच में उसके अत्यधिक नशे में होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।