कुशीनगर में रोडवेज बस को कंटेनर ने मारी टक्कर: सात यात्री घायल, 100 से अधिक गांवों की बिजली गुल

पटहेरवा थाना क्षेत्र के राजवटिया के पास शनिवार की रात कंटेनर ने रोडवेज बस में टक्कर मार दी। टक्कर की वजह से बस बिजली के पोल से टकराकर पलट गई, जिससे सात यात्री घायल हो गए। इसमें तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं पोल टूटने की वजह से 100 से अधिक गांवों की बिजली गुल हो गई। इसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, रोडवेज बस गोरखपुर से सवारी लेकर तमकुहीराज जा रही थी। पटहेरवा थाना के राजवटिया के पास हाईवे के किनारे रोडवेज बस शनिवार की रात करीब 11 बजे सवारी उतार रही थी। तभी तेज रफ्तार से पीछे से आ रही कंटेनर ने टक्कर मार दी, बस बिजली पोल से टकराने के बाद हाईवे किनारे पलट गई और यात्रियों में चीख पुकार मच गई। पुलिस के अनुसार बस में करीब 12 यात्री सवार थे।
आवागमन रहा प्रभावित
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने किसी तरह से यात्रियों को बस से बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी फाजिलनगर भिजवाया। तीन घायलों की हालत गंभीर बताते हुए डॉक्टर ने मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। हादसे के बाद हाईवे के एक लेन पर करीब आधे घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। रजवटिया निवासी 32 वर्षीय राजन सिंह, 42 वर्षीय मुकेश समेत सात लोग घायल हैं। पटहेरवा थानाध्यक्ष अरुण सिंह ने बताया कि कंटेनर की टक्कर से रोडवेज की बस पलट गई है, सात लोग घायल है। घायलों को उनको इलाज के लिए भिजवाया गया है। कंटेनर को कब्जे में लिया गया है।
हाईटेंशन पोल टूटा
हादसे के बाद हाईटेंशन पोल टूट गया। इससे सुमही और पटहेरवा बिजली घर की मेन आपूर्ति ठप हो गई है। पोल टूटने के कारण रात में आपूर्ति बहाल होना संभव नही है,दोनों उपकेंद्र से 100 से अधिक गांव जुड़े है। जेई पंकज गुप्ता ने बताया कि मेन लाइन का पोल टूटने से आपूर्ति ठप हो गई है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

