कुशीनगर में महिला की मौत पर हंगामा: परिजनों ने शव रख किया प्रदर्शन, अस्पताल पर लापरवाही का लगाया आरोप
पडरौना नगर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत के बाद सोमवार को परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने पडरौना-जिला मुख्यालय मार्ग पर शव सड़क किनारे रखकर प्रदर्शन किया और जाम लगा दिया। परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही बरतने और उपचार के नाम पर अधिक रकम वसूलने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कराई।
मृतका की पहचान बिहार के धनहा निवासी अंगिरा चौहान पत्नी चतुरी चौहान के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, कुछ दिन पहले अंगिरा आधार कार्ड बनवाने के लिए पडरौना आई थीं। वापस लौटते समय बाइक से गिर गईं, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। इसके बाद परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। वहां से भी चिकित्सकों ने हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी।
अस्पताल के खिलाफ की कार्रवाई की मांग
परिजनों का आरोप है कि मेडिकल कॉलेज से रेफर किए जाने के बाद जिला अस्पताल में मौजूद एक निजी अस्पताल के एजेंटों ने बेहतर इलाज कराने का भरोसा दिया। उनके कहने पर अंगिरा को दोबारा पडरौना के सरस अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिजनों के मुताबिक, रातभर इलाज के नाम पर उनसे मोटी रकम ली गई। सोमवार को इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। मौत की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और उन्होंने अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग शुरू कर दी।
डीएम के आने और अस्पताल सील करने की मांग
महिला की मौत के बाद परिजनों ने शव को सड़क किनारे रखकर प्रदर्शन किया। उन्होंने पोस्टमॉर्टम के लिए शव ले जाने से भी इनकार कर दिया। परिजनों की मांग थी कि डीएम मौके पर पहुंचें और संबंधित अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे सील किया जाए। प्रदर्शन के कारण पडरौना-जिला मुख्यालय मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया। जाम की सूचना पर कोतवाली प्रभारी ओमप्रकाश तिवारी और सुभाष चौक पुलिस चौकी प्रभारी अमित सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने जाम समाप्त कर दिया।
दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल
अंगिरा की मौत से परिवार में मातम छा गया। वह दो बेटियों की मां थीं। मां की मौत के बाद दोनों बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि महिला की इलाज के दौरान मौत हुई है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











