कुशीनगर के नारायणी नदी में 13 शव बरामद: चार शवों का वीडियोग्राफी के साथ कराया जा रहा है पोस्टमार्टम, नौ शवों को भेजा गया गोरखपुर एम्स

नेपाल में आई भीषण आपदा और बाढ़ के बाद,कुशीनगर जिले में नारायणी (गंडक) नदी से अब तक 13 शव बरामद किए जा चुके हैं। इनमें से चार शवों का सोमवार को कुशीनगर जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। जगह की कमी होने के कारण बाकी नौ शवों को सुरक्षित रखने के लिए एम्स गोरखपुर की मोर्चरी में भेजा गया है।
अज्ञात शवों को 72 घंटे तक सुरक्षित रखने के नियम के तहत, पहले मिले चार शवों की अवधि पूरी होने पर आज कड़ी प्रशासनिक सुरक्षा और डॉक्टरों की टीम की मौजूदगी में उनका पोस्टमार्टम किया जा रहा है। इस पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए वीडियोग्राफी भी कराई जा रही है। अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्र ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन सभी शवों को पूरे सम्मान के साथ नेपाल बॉर्डर ले जाया जाएगा और वहां के स्थानीय प्रशासन को सौंप दिया जाएगा।
अन्य शवों की भी कराई जाएगी पोस्टमार्टम
कुशीनगर की मोर्चरी फुल होने के कारण नौं शवों को एम्स गोरखपुर भेजा गया था। नियम के अनुसार, जैसे-जैसे अन्य शवों की भी 72 घंटे की अवधि पूरी होगी, उनका भी पोस्टमार्टम और डीएनए सैंपलिंग कराई जाएगी।
तटीय इलाकों में लगातार निगरानी कर रहा प्रशासन
नेपाल-तिब्बत सीमा के पास ग्लेशियर फटने और भूस्खलन के कारण गंडक/नारायणी नदी का जलस्तर अचानक बेहद बढ़ गया था। नदी के तेज बहाव में बहकर मानव शव और मवेशी भारतीय सीमा में कुशीनगर और महराजगंज जिलों तक पहुंच रहे हैं।आपदा प्रबंधन टीमें और स्थानीय पुलिस नदी के तटीय इलाकों में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।










