कुशीनगर में सीमांकन विवाद में घर में घुसे लोग: हथियार लेकर मचाया बवाल, CCTV कैमरे और घरेलू सामान में की तोड़फोड़
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के बड़हरा बाबू गांव में जमीन के सीमांकन को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर सामने आया है। आरोप है कि दबंग पक्ष के कुछ लोग राम नरेश कुशवाहा के घर में घुस गए और CCTV कैमरे समेत अन्य सामान में तोड़फोड़ की। पीड़ित का आरोप है कि लोग तलवार, त्रिशूल और लाठी-डंडे लेकर पहुंचे थे। उन्होंने दरवाजा बंद कर घर के अंदर छिपकर अपनी जान बचाई। घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में घटना रिकॉर्ड हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया है। हालांकि, अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, राम नरेश कुशवाहा और बबलू सिंह के परिवार के बीच आबादी और आराजी की जमीन के सीमांकन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि बबलू सिंह का परिवार लंबे समय से विवादित जमीन पर कूड़ा फेंकता है। राम नरेश इसका विरोध करते हैं। इसी बीच उनकी ओर से बबलू सिंह के घर की तरफ CCTV कैमरा लगाया गया था। दूसरे पक्ष ने कैमरा लगाने का विरोध किया था। राम नरेश का कहना है कि इसी विवाद के बीच आरोपी उनके घर पहुंचे और हमला करने की नीयत से धमकाया।
CCTV में हथियार और तोड़फोड़ का दावा
पीड़ित के मुताबिक, दरवाजा बंद कर घर के अंदर रहने के दौरान बाहर मौजूद लोगों ने तोड़फोड़ की। CCTV फुटेज में कुछ लोग तलवार, त्रिशूल और लाठी-डंडे लिए दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में घर के बाहर खड़ी बाइक में तोड़फोड़ करते हुए लोग भी नजर आ रहे हैं। कप्तानगंज थानाध्यक्ष धीरेंद्र राय ने बताया कि बबलू सिंह पक्ष के लोगों ने राम नरेश के घर में घुसकर CCTV कैमरा और अन्य सामान तोड़ा था। शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है।
दोनों पक्षों पर भी हुई कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, अपराध संख्या 341/2026 के तहत BNS की धारा 351(3), 324(4) और 333 में केस दर्ज किया गया है। दोनों पक्षों के खिलाफ BNSS की धारा 126 और 135 के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आबादी और बंजर भूमि के सीमांकन के संबंध में एसडीएम से पत्राचार किया है।
फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम
पुलिस का कहना है कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और घटना को देखते हुए सतर्कता बरती जा रही है। CCTV फुटेज और सामने आए आरोपों की जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई होगी। जमीन का सीमांकन होने के बाद विवाद की वास्तविक स्थिति भी स्पष्ट होने की उम्मीद है।










