कुशीनगर में भीषण सड़क हादसा: खराब खड़े कंटेनर में वाहन ने पीछे से मारी टक्कर, केबिन में फंसा चालक का पैर
कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-28 पर स्थित सुकरौली ओवरब्रिज पर सुबह करीब चार बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक खराब खड़े कंटेनर में पीछे से आ रहे दूसरे तेज रफ्तार कंटेनर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में पीछे वाले कंटेनर का चालक केबिन में ही बुरी तरह फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हाईवे पर एक कंटेनर तकनीकी खराबी आने के कारण खड़ा था, तभी पीछे से आ रहे दूसरे कंटेनर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले कंटेनर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गंभीर रूप से घायल चालक की पहचान नासिर (पुत्र फतेह मोहम्मद) के रूप में हुई है। वह हरियाणा के पलवल जिले के हतीन थाना क्षेत्र के रेनसीणा गांव का रहने वाला है।
केबिन में फंस गये थे चालक के पैर
हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग और नगर पंचायत कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे। चालक के दोनों पैर केबिन में बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें लोहे की रॉड और अन्य उपकरणों से कंटेनर के क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया।
इलाज के लिए भेजा गया गोरखपुर एम्स
एनएचएआई की एंबुलेंस की मदद से घायल चालक को गंभीर हालत में इलाज के लिए गोरखपुर एम्स भेजा गया है। सूचना मिलते ही हाटा कोतवाली पुलिस और NHAI की टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त कंटेनरों को हटाकर प्रभावित हुए यातायात को फिर से सामान्य कराया गया।











