MLC चुनाव के नतीजों पर अखिलेश यादव का हमला: कहा-"5 सीटों पर नहीं, 50 जिलों में हारी भाजपा", धांधली और चुनाव हेरफेर का लगाया आरोप

लखनऊ|
कहा-"5 सीटों पर नहीं, 50 जिलों में हारी भाजपा", धांधली और चुनाव हेरफेर का लगाया आरोप

उत्तर प्रदेश विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजे सामने आने के बाद सूबे की सियासत गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इन चुनावी नतीजों को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने कहा कि गिनती में भले ही सपा ने पांच सीटें जीती हों, लेकिन भाजपा वास्तव में 50 जिलों में चुनाव हारी है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के लखनऊ दौरे के बीच अखिलेश यादव ने भाजपा पर करारा तंज कसा हैं। उन्होंने कहा, "धूम-धड़ाका करने वाले लोग बुरी तरह गिर गए हैं। गिनती में तो पांच सीटें हैं, लेकिन ये लोग 50 जिलों में हार गए हैं"। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि अब आम जनता के बीच यह बात साफ हो चुकी है कि भाजपा के लोग बेईमान हैं।

छल से जीती है छह सीटें

अखिलेश यादव ने भाजपा पर धांधली और चुनावी हेरफेर का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार जनता और कार्यकर्ताओं के दम पर जीते हैं, जबकि भाजपा ने छह सीटें छल और धोखे से हासिल की हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, "अगर इन्होंने छल नहीं किया होता, तो शायद ये इतनी सीटें भी नहीं जीत पाते"। सपा प्रमुख ने यहां तक कह दिया कि भाजपा को अपने कार्यकर्ताओं के लिए 'वोट चोरी' सिखाने वाली एक यूनिवर्सिटी खोल लेनी चाहिए।

वाराणसी में झटका और 2027 की नींव

इस चुनाव में समाजवादी पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बड़ी जीत दर्ज की है, जिसे अखिलेश यादव ने भाजपा के लिए 'डबल जीरो' और 'दोहरी हार' करार दिया। उन्होंने कहा कि महिला शिक्षकों और युवा मतदाताओं ने भाजपा के खिलाफ भारी मतदान किया है। अपने कार्यकर्ताओं की मुस्तैदी की तारीफ करते हुए अखिलेश ने कहा कि बिना सर्टिफिकेट के भी हमारे सभी प्रत्याशी विजेता हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता का यही समर्थन और कार्यकर्ताओं की यह सजगता 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा की सरकार बनाने की निर्णायक नींव बनेगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।