लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती अफजाल अंसारी: अचानक बिगड़ी तबीयत, डॉक्टरों की विशेष टीम इलाज में जुटी

लखनऊ|
अचानक बिगड़ी तबीयत, डॉक्टरों की विशेष टीम इलाज में जुटी

गाजीपुर लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी की शुक्रवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के गैस्ट्रो मेडिसिन विभाग के डॉक्टरों की एक विशेष टीम उनकी देखरेख और इलाज में जुटी हुई है।

दिवंगत मुख्तार अंसारी के बेटे और मऊ सदर सीट से विधायक अब्बास अंसारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट शेयर कर इस बात की जानकारी दी। उन्होंने लिखा, "बड़े अब्बा जनाब अफजाल अंसारी साहब की तबीयत अचानक खराब हो गई है, लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में एडमिट हैं। आप सभी से दुआओं और प्रार्थनाओं की गुजारिश है।"

सीने और पेट में दर्द के बाद हुईं उल्टियां

पारिवारिक सूत्रों और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अफजाल अंसारी पिछले 3-4 दिनों से लगातार बुखार से पीड़ित थे। शुक्रवार दोपहर बाद उनके सीने के निचले हिस्से और पेट के ऊपरी हिस्से में तेज दर्द की शिकायत हुई। रात का खाना खाने के बाद उन्हें लगातार कई उल्टियां हुईं, जिसके बाद उनकी स्थिति को गंभीर देखते हुए परिजन उन्हें फौरन गाजीपुर से एंबुलेंस के जरिए लखनऊ लेकर रवाना हुए और मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया।

पहले से बेहतर है अफजाल

बताया जा रहा है कि अफजाल अंसारी लंबे समय से लीवर संबंधी बीमारी से भी पीड़ित हैं और भोजन में कुछ गड़बड़ी के कारण उनकी तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई। फिलहाल अस्पताल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है, लेकिन उनके प्रतिनिधि के अनुसार अब उनकी स्थिति पहले से कुछ बेहतर और स्थिर बताई जा रही है। खबर मिलते ही पूर्वांचल के राजनीतिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं और उनके समर्थक उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए लखनऊ पहुंचने लगे हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।