अखिलेश का तंज- सत्ता मिलने पर ही होगा विकास: भाजपा के चार नेताओं ने थामा सपा का दामन, पांच महिलाओं को मिली घर की चाबी

लखनऊ|
भाजपा के चार नेताओं ने थामा सपा का दामन, पांच महिलाओं को मिली घर की चाबी

समाजवादी पार्टी में भाजपा के चार नेताओं के शामिल होने के मौके पर अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साधु-संतों और सत्ता संबंधी बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि वह राजनीति में सरकार बनाने और जनता की सेवा करने आए हैं। वह कोई साधु-संत नहीं हैं, जिन्हें जंगल या मठ में जाना है। उन्हें सत्ता और मुख्यमंत्री की कुर्सी चाहिए, ताकि प्रदेश का विकास कर सकें। इस दौरान उन्होंने पांच गरीब महिलाओं को नए घरों की चाबियां सौंपीं और पांच लाख रुपये में मकान बनवाने वाले मंतोष यादव को सम्मानित किया।

भाजपा छोड़कर सपा में शामिल होने वालों में बदायूं की दातागंज सीट से दो बार विधायक रहे सिनोद शाक्य, बिसौली के पूर्व विधायक कुशाग्र सागर, भाजपा नेता चंद्र कुमार मिश्र उर्फ बापू और पूर्व आईएएस राम बहादुर पासी शामिल हैं। अखिलेश ने कहा कि इन नेताओं के आने से पूरे प्रदेश में बड़ा संदेश गया है। इससे पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग की लड़ाई मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल सभी नेताओं को पूरा राजनीतिक सम्मान दिया जाएगा। दारा सिंह प्रजापति का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जिनके साथ दारा होंगे, वही अखाड़ा जीतेगा। राम बहादुर पासी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि नौकरी के दौरान भी उनकी अलग पहचान रही है।

सरकार बनने पर आउटसोर्सिंग खत्म करने का वादा

अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म की जाएगी। संविदा सफाईकर्मियों के लिए विशेष योजनाएं लागू होंगी। वाल्मीकि समाज के बेघर लोगों को मकान दिए जाएंगे। बड़े पैमाने पर साइकिलें बांटने के साथ वकीलों के लिए चैंबर भी बनवाए जाएंगे।

वोटर लिस्ट में गड़बड़ी का लगाया आरोप

अखिलेश ने भाजपा पर वोटर लिस्ट में हेराफेरी और वोट डकैती का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 'सुनीता पत्नी राजेश' नाम से दो हजार से अधिक प्रविष्टियां मिली हैं। उनके मुताबिक, विपक्षी दलों की एकजुट आवाज के बाद चुनाव आयोग को कार्रवाई करनी पड़ी। अरुणाचल प्रदेश में चीन की घुसपैठ का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार को यह विषय केवल चुनाव के समय याद आता है।

कानून-व्यवस्था और होर्डिंग पर भी सवाल

अखिलेश ने लखनऊ में हत्या और गोरखपुर जेल में संदिग्ध मौतों का उल्लेख करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। विवादित होर्डिंग्स को लेकर उन्होंने पूछा कि इन्हें कौन लगवा रहा है और इसके पीछे किसका पैसा लगा है। गठबंधन पर उन्होंने कहा कि सपा को इसका अच्छा अनुभव है। 'रावण' वाले बयान पर सफाई देते हुए कहा कि यह शब्द दस साल से अन्याय करने वालों के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था।

कौन हैं सपा में शामिल हुए नेता ?

राम बहादुर पासी पूर्व आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने नागरिक एकता पार्टी बनाई थी और 2022 में भाजपा में शामिल हुए थे। चंद्र कुमार मिश्र उर्फ बापू सीतापुर की सेवता सीट क्षेत्र से जुड़े भाजपा नेता हैं और जूट सहकारी संघ के चेयरमैन रह चुके हैं। सिनोद शाक्य दातागंज से दो बार विधायक रहे हैं और इसे उनकी घर वापसी बताया गया। कुशाग्र सागर बिसौली के पूर्व विधायक हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।