अखिलेश यादव का फेसबुक पेज एकबार फिर सस्पेंड: 90 लाख फॉलोअर्स वाला अकाउंट अचानक गायब; सपा ने उठाए सवाल

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक पेज सोमवार शाम अचानक सस्पेंड हो गया। करीब 90 लाख फॉलोअर्स वाले इस पेज के बंद होने से राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है।
फिलहाल पेज के सस्पेंड होने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। फेसबुक संचालित करने वाली कंपनी मेटा की ओर से भी इस संबंध में कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।
संवाद का प्रमुख माध्यम
अखिलेश यादव का फेसबुक पेज पार्टी और उनके समर्थकों के बीच संवाद का प्रमुख माध्यम रहा है। इस पर उनके राजनीतिक कार्यक्रमों, भाषणों, बयानों और पार्टी से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी साझा की जाती रही है। सोमवार शाम अचानक पेज उपलब्ध नहीं होने से समर्थकों के बीच इसकी वजह को लेकर चर्चा शुरू हो गई।
तकनीकी गड़बड़ी की आशंका
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी के नेताओं ने अकाउंट के अचानक गायब होने को लेकर तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई है। पार्टी की ओर से फेसबुक संचालित करने वाली कंपनी मेटा से संपर्क किए जाने की बात भी सामने आई है। हालांकि, अकाउंट को सस्पेंड किए जाने के पीछे वास्तविक कारण क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पिछले साल भी हुआ था सस्पेंड
अखिलेश यादव का आधिकारिक फेसबुक अकाउंट इससे पहले अक्टूबर 2025 में भी सस्पेंड हुआ था। उस समय अकाउंट करीब 16 घंटे तक बंद रहा था और अगले दिन सुबह बहाल कर दिया गया था। पिछली बार फेसबुक की ओर से कंटेंट से जुड़ी नीति के उल्लंघन का हवाला दिया गया था। उस घटना के बाद समाजवादी पार्टी के नेताओं ने सोशल मीडिया मंच पर कार्रवाई को लेकर सवाल उठाए थे।
प्रतिक्रिया पर नजरें
इस बार भी करीब 90 लाख फॉलोअर्स वाले पेज के अचानक बंद होने से मामला चर्चा में है। फिलहाल सभी की नजरें मेटा की प्रतिक्रिया और फेसबुक पेज की बहाली पर टिकी हैं।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।