बसपा सुप्रीमों ने एक्स पर ट्वीट कर राजनीतिक दलों को दी नसीहत: गिरते स्तर की बयानबाजी पर जताई चिंता, कहा- मर्यादा की सीमाएं लांघ चुका है भारतीय राजनीति

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने देश की राजनीति में लगातार गिरते जा रहे बयानबाजी के स्तर और नेताओं के बीच बढ़ती आपसी कटुता पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट कर सभी राजनीतिक दलों को नसीहत दी है कि इस तरह की अपमानजनक और जहरीली राजनीति देश और जनहित में बिल्कुल भी नहीं है।
बसपा सुप्रीमों ने कहा कि भारतीय राजनीति में आपसी अविश्वास, द्वेष और आरोप-प्रत्यारोप का दौर अब मर्यादा की सीमाएं लांघ चुका है और यह असंसदीय, जातिवादी और अमर्यादित रूप ले चुका है। बड़े पदों पर बैठे राजनेताओं को एक-दूसरे के प्रति आपसी सम्मान बनाए रखना चाहिए। किसी भी तरह की जहरीली और व्यक्तिगत राजनीति को बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए। संकीर्ण और गरीब-विरोधी स्वार्थ की वजह से आम जनता का भरोसा लोकतांत्रिक व्यवस्था से कमजोर हो रहा है। सरकारी स्तर पर भ्रष्टाचार और चुनावी प्रक्रियाओं पर उठते सवालों के बीच नेताओं का आपसी टकराव चिंताजनक है।
मूल मुद्दों पर ध्यान देने की अपील
आम जनता चाहती है कि सभी राजनीतिक दल अपनी निजी लड़ाइयों को छोड़कर देश की बुनियादी समस्याओं जैसे गरीबी, बेरोजगारी और बढ़ती महंगाई के समाधान पर ध्यान केंद्रित करें। बसपा प्रमुख ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि यदि नेताओं के बीच अशोभनीय टिप्पणियों की यह होड़ इसी तरह चलती रही, तो देश का राजनीतिक माहौल और अधिक विषैला हो जाएगा। उन्होंने सभी दलों से इस ओर गंभीरता से ध्यान देने की अपील की है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

