कैबिनेट बैठक: योगी सरकार का बड़ा फैसला, जानिए अब किस नाम से जाना जाएगा जेवर एयरपोर्ट
कैबिनेट बैठक में योगी सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। अब जेवर एयरपोर्ट नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नाम से जाना जाएगा। योगी कैबिनेट ने शुक्रवार को इस बारे में लाए गए प्रस्ताव पर मुहर लगा दी। इसका एलान मुख्यमंत्री योगी ने कैबिनेट की बैठक के बाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 साल पूरे होने पर सात अक्टूबर के दिन को गौरवशाली इतिहास के रूप में दर्ज किया गया है।
पीएम के नेतृत्व में यूपी का खूब विकास हुआ है। 42 नए हाईवे बनाए गए हैं। कैबिनेट के इस फैसले की जानकारी देने सीएम मीडिया के सामने पहुंचे। उनके साथ दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक के अलावा सहयोगी दलों के नेता भी मौजूद रहे। सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने आज पीएम मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष के अविराम यात्रा का अभिनदंन करते हुए उनके सम्मान में यह प्रस्ताव पारित किया है।
28 मार्च को पीएम ने जेवर एयरपोर्ट के फेज-वन का किया था उद्घाटन
इसी साल 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेवर एयरपोर्ट के फेज-वन का उद्घाटन किया था। कुल चार फेज में बनने वाले एयरपोर्ट का काम पूरा होने पर यह एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन जाएगा। एयरपोर्ट के पहले फेज में करीब 3300 एकड़ जमीन पर टर्मिनल और रनवे बनाए गए हैं। यहां से हर साल करीब 1.2 करोड़ यात्री सफर कर सकेंगे।
400 से ज्यादा लेखपालों को दिवाली से पहले मिला बड़ा तोहफा
योगी सरकार ने 400 से ज्यादा लेखपालों को दिवाली से पहले बड़ा तोहफा दिया है। सीएम के निर्देश पर उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद बोर्ड ने ऑनलाइन विभागीय पदोन्नति समिति (डीपीसी) की प्रक्रिया पूरी करते हुए प्रदेश के 455 लेखपालों को राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) के पद पर प्रमोशन दे दिया है। पदोन्नत कार्मिकों की तैनाती के आदेश जल्द जारी किए जाएंगे। उत्तर प्रदेश राजस्व परिषद बोर्ड के चेयरमैन बीएल मीणा ने बताया कि पदोन्नति की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संपन्न कराई गई। निर्धारित पात्रता मानकों और सेवा अभिलेखों के आधार पर कार्मिकों का परीक्षण किया गया। परीक्षण के बाद 455 लेखपालों को पदोन्नति के लिए उपयुक्त पाया गया। ऑनलाइन डीपीसी के माध्यम से प्रक्रिया पूरी होने से विभागीय पदोन्नति में पारदर्शिता के साथ ही समयबद्धता को भी बढ़ावा मिला है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

