लखनऊ में कार में लगी आग: जिंदा युवक की जलकर मौत, बचा सिर्फ कंकाल
लखनऊ के बख्शी का तालाब (बीकेटी) क्षेत्र में सीतापुर रोड पर गुरुवार देर रात एक चलती मारुति जेन कार में अचानक भीषण आग लग गई। जिसमें बैठे एक युवक की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई। यह दिल दहला देने वाला हादसा लखनऊ-सीतापुर हाईवे पर सरैया मोड़ के पास करीब रात 10:30 से 11:30 बजे के बीच हुआ। आग इतनी तेजी से फैली कि युवक को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिला। जब तक दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया, तब तक कार के अंदर केवल युवक का कंकाल ही शेष बचा था।
मारुति जेन कार, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर UP 32 CS 0626 है। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, अचानक कार धू-धू कर जलने लगी और उसकी तपिश से कार के अंदर जोरदार धमाका हुआ और शीशे फट गए, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बख्शी का तालाब पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक कार के अंदर फंसे युवक की जान जा चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
ड्राइविंग सीट पर मिला कंकाल
एसीपी विकास पांडेय ने बताया कि देर रात 11:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि हाईवे पर एक कार में आग लग गई है। सूचना पर पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंची। कार पूरी तरह से जल रही थी। आग बुझाने के बाद कार का दरवाजा खोलकर देखा गया तो भीतर ड्राइविंग सीट पर एक शख्स पूरी तरह जला मिला। सीट पर सिर्फ कंकाल पड़ा था। पुलिस का कहना है कि मामले की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई। इसके बाद फॉरेंसिक टीम बुलाई गई। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। शव की पहचान की कोशिश की जा रही है।
कंकाल पड़े युवक के नाम पर रजिस्टर्ड है कार
पुलिस ने कार नंबर के आधार पर गाड़ी मालिक का पता लगाया। इसमें मालूम हुआ कि कार खुर्रमनगर निवासी हमीदुल के बेटे अलमाश के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस ने परिजनों के पास फोन कर अलमाश के बारे में जानकारी ली। इससे पता चला कि अलमाश (32) ही कार के अंदर था।
पूछताछ कर रही पुलिस
एसीपी ने बताया कि कार मालिक के घरवालों से पूछताछ की जा रही है। कार में आग कैसे लगी, इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। सभी पहलुओं पर मामले की पड़ताल की जा रही है।











