मुख्यमंत्री ने गुरु नानक प्रकाश पर्व की दी शुभकामनाएं: कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर श्रद्धालुओं को दी बधाई, आध्या​त्मिक चेतना व लोक आस्था का बताया पर्व

लखनऊ|
कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली पर श्रद्धालुओं को दी बधाई, आध्या​त्मिक चेतना व लोक आस्था का बताया पर्व
सेव सूची

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गुरु नानक प्रकाश पर्व, कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं देते हुए सिख धर्म के संस्थापक की शिक्षाओं और इन पर्वों के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को रेखांकित किया। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, महान संत, सिख पंथ के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व पर कोटिश: नमन एवं सिख बंधुओं, श्रद्धालुओं एवं प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई।

सत्य, सदाचार, समता, प्रेम एवं करुणा पर आधारित गुरु नानक का जीवन-दर्शन समस्त मानव समाज के लिए शाश्वत प्रेरणास्रोत है। उनकी पावन शिक्षाएं हमें सेवा, सद्भाव और नैतिक मूल्यों के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक अलग पोस्ट में कार्तिक पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं और इसे भारत की प्राचीन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना एवं लोक आस्था में निहित पवित्र पर्व बताया।

लोगों के सुख, शांति, समृ​ध्दि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की

गंगा मैया और भगवान विष्णु के आशीर्वाद की कामना करते हुए उन्होंने कहा, भक्ति और आध्यात्मिक ज्ञान का यह पर्व लोगों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए। मुख्यमंत्री ने देव दीपावली पर भी लोगों को शुभकामनाएं दीं और इसे सनातन आस्था, आध्यात्मिकता और संस्कृति की दिव्य आभा से प्रकाशित पर्व बताया। उन्होंने कहा, मैं प्रार्थना करता हूं कि भगवान विश्वनाथ और गंगा मैया के आशीर्वाद से श्रद्धालुओं को सुख, सौभाग्य, आध्यात्मिक ऊर्जा और उत्तम स्वास्थ्य प्राप्त हो।

फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।