लखनऊ के लोहिया संस्थान में धरने पर बैठे सफाई कर्मी: सुरक्षा अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग, दो साथी की बेरहमी से पिटाई का लगाया आरोप
लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में सफाई कर्मियों ने अचानक हड़ताल शुरू कर दी। सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि परिसर के सुरक्षा कर्मियों ने उनके दो साथियों की बेरहमी से पिटाई की है। जिससे आक्रोशित होकर सभी सफाई कर्मी काम ठप कर धरने पर बैठ गए हैं और हंगामा कर रहे हैं। हड़ताली सफाई कर्मचारियों की मांग है कि मारपीट करने वाले दोषी सुरक्षा कर्मियों के खिलाफ तत्काल सख्त कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाए।
बताया जा रहा है कि, लोहिया संस्थान की इमरजेंसी के टॉयलेट में सोमवार सुबह नवजात का शव मिलने की सूचना सार्वजनिक करने वाले दो सफाई कर्मियों की कथित रूप से पिटाई का मामला मंगलवार को तूल पकड़ गया। आरोप है कि सुरक्षा अधिकारी की मौजूदगी में दोनों सफाई कर्मियों को एक कमरे में बंद कर पीटा गया।
दो सौ सफाई कर्मी हड़ताल पर
घटना के विरोध में मंगलवार को करीब 200 सफाई कर्मी हड़ताल पर चले गए। बड़ी संख्या में सफाई कर्मी प्रशासनिक भवन के सामने जुटे और नारेबाजी शुरू कर दी। सफाई कर्मियों ने सुरक्षा अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
हड़ताल खत्म कराने के प्रयास में जुटी पुलिस
संस्थान में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, जिससे अस्पताल परिसर में गंदगी फैलने और मरीजों को परेशानी होने की आशंका बढ़ गई है। मौके पर तनाव को देखते हुए पुलिस बल पहुंच चुका है और अधिकारी सफाई कर्मियों को समझा-बुझाकर शांत कराने तथा हड़ताल खत्म कराने का प्रयास कर रहे हैं। लोहिया संस्थान प्रशासन की ओर से इस झड़प और सफाई कर्मियों के आरोपों पर अभी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया हैं।











