सीएम योगी का अखिलेश पर वार: ‘अयोध्या जाने से पहले रामभक्तों से माफी मांगें’, सपा के लिए राम नाम सत्य का समय

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर एक साथ निशाना साधते हुए अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दो नावों की सवारी करने वाले डूबते हैं। अखिलेश यादव को अयोध्या जाने से पहले रामभक्तों और हिंदुओं से माफी मांगनी चाहिए।
सपा पर साधा निशाना
बुधवार को दिए एक इंटरव्यू में मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि राधे-राधे तो शुरुआत है, सपा के लिए अब राम नाम सत्य का समय आ रहा है। उन्होंने कहा कि मथुरा में राधे-राधे, अयोध्या में जय श्रीराम और काशी में हर-हर महादेव कहना आस्था के अनुरूप है, जबकि राम नाम सत्य विदाई के समय कहा जाता है।
मुख्यमंत्री ने सपा की राजनीति, कांग्रेस के साथ उसके गठबंधन, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर), कानून-व्यवस्था और प्रदेश के विकास को लेकर भी अपनी सरकार का पक्ष रखा।
‘सपा का पीडीए मतलब परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’
योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी की राजनीति को परिवार तक सीमित बताते हुए उसके पीडीए की नई व्याख्या की। उन्होंने कहा कि सपा के लिए पीडीए का मतलब 'परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी' है। उनकी राजनीति परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा का मतदाता हर वह राष्ट्रवादी नागरिक है, जो संविधान और देश की विरासत का सम्मान करता है। उन्होंने कहा कि उनकी किसी से व्यक्तिगत लड़ाई नहीं है, लेकिन देश और समाज के सामने चुनौती आने पर उसका सामना करना एक संन्यासी का दायित्व है।
सपा-कांग्रेस गठबंधन को बताया चुनाव से पहले ही विफल
मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस के गठबंधन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने इसे चुनाव से पहले ही विफल बताते हुए कहा कि एक तरफ दोनों दलों की बैठकें चल रही हैं और दूसरी तरफ प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं। दोनों दलों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने प्याज भी खाया और जूता भी।
योगी ने कहा कि भाजपा और एनडीए के सहयोगी मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। प्रत्याशियों का चयन पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।
एसआईआर पर विपक्ष को घेरा, घुसपैठियों के मुद्दे पर भी बोले
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा विदेशी घुसपैठियों को अपना मानती है, जबकि मतदाता सूची में केवल पात्र भारतीय नागरिकों के नाम होने चाहिए।
योगी ने कहा कि मृतकों और दूसरी जगह जा चुके मतदाताओं के नाम सूची से हटाए जाने जरूरी हैं। हालांकि, किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं कटना चाहिए। उन्होंने कहा कि विदेशी नागरिक को मतदान का अधिकार नहीं मिल सकता।
अब यूपी में हो रहा ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण
कानून-व्यवस्था और औद्योगिक विकास का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले की सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस समय प्रदेश में गुंडागर्दी, दंगे और अव्यवस्था थी। कट्टा-बम की फैक्ट्रियां चलती थीं, जबकि अब प्रदेश में रिवॉल्वर, राइफल और ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण हो रहा है।
योगी ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। निवेश को बढ़ावा देने के लिए 36 सेक्टोरल नीतियां बनाई गई हैं। उन्होंने कहा कि देश के मोबाइल उत्पादन का 55 प्रतिशत और इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट का 60 प्रतिशत उत्पादन उत्तर प्रदेश में हो रहा है। एमएसएमई और एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) के माध्यम से सवा तीन करोड़ लोगों को रोजगार मिल रहा है।
सीएम योगी ने गिनाईं उपलब्धियां
मुख्यमंत्री के मुताबिक, वर्ष 2017 के मुकाबले प्रदेश की अर्थव्यवस्था, प्रति व्यक्ति आय और बजट तीन गुना से अधिक बढ़े हैं। देश के एक्सप्रेसवे नेटवर्क में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत है। पहले प्रदेश में दो एयरपोर्ट क्रियाशील थे, जबकि अब 17 संचालित हैं। इनमें पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सात शहरों में मेट्रो सेवा चल रही है।
पौने 10 लाख युवाओं को नौकरी, 25 लाख टैबलेट देने की तैयारी
मुख्यमंत्री ने रोजगार और युवाओं के कौशल विकास को लेकर भी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि अब तक करीब पौने 10 लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। 26 जनवरी तक यह संख्या साढ़े 10 लाख करने का लक्ष्य है।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में 60 लाख युवाओं को टैबलेट दिए गए हैं। अब दूसरे चरण में 25 लाख टैबलेट देने की तैयारी है। युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), ड्रोन, रोबोटिक्स और सेमीकंडक्टर जैसी नई तकनीकों का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है।
महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा पर सख्त संदेश
महिलाओं, व्यापारियों और निवेशकों की सुरक्षा के मुद्दे पर योगी ने कहा कि बेटियों, व्यापारियों, निवेशकों और राह चलती महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के लिए दो ही जगह हैं- जेल या जहन्नुम। मुख्यमंत्री ने चार लाख मकान खरीदारों को आवास दिलाने का भी जिक्र किया। इसके साथ ही उन्होंने नोएडा जाने को लेकर लंबे समय से चले आ रहे अंधविश्वास को तोड़ने की बात कही।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।