लखनऊ में सीएम योगी आदित्यनाथ का ​शिवपाल यादव पर पलटवार: कहा-आजम खान को गृहमंत्री बनाकर प्रदेश में करवाना चाहती है दंगे, कांग्रेस पर भी बोला हमला

लखनऊ|14 अगस्त 2026
कहा-आजम खान को गृहमंत्री बनाकर प्रदेश में करवाना चाहती है दंगे, कांग्रेस पर भी बोला हमला

उत्तर प्रदेश की सियासत में आजम खान को लेकर एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव के 2027 में सपा सरकार बनने पर आजम खान को गृह मंत्री बनाने वाले बयान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पलटवार किया है। लखनऊ में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस कार्यक्रम में योगी ने आजम खान का नाम लिए बिना सपा पर तीखा हमला बोला। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी और विभाजन के लिए जिम्मेदार व्यक्ति के नाम पर विश्वविद्यालय बनाने वाले व्यक्ति के लिए समाजवादी पार्टी आज पैरोकार बन रही है।

शिवपाल यादव के आजम खान को गृह मंत्री बनाने के बयान पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने पलटवार किया। सीएम योगी ने सवाल उठाया कि क्या सपा आजम खान को गृह मंत्री बनाकर फिर प्रदेश में दंगे करवाना चाहती है? जिसने मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के दंगाइयों को तत्कालीन सीएम आवास पर लाकर सम्मानित करवाया था, ऐसे व्यक्ति के समर्थन में ये लोग इस तरह की दलीलें दे रहे हैं। इनकी शर्मनाक सोच को देखिए।

आजम खान को बनाया जायेगा गृहमंत्री

मुख्यमंत्री योगी आ​दित्यनाथ ने कहा कि सपा कहती है कि सरकार में आने पर आजम खान को गृह मंत्री बनाया जाएगा। योगी ने इसी बयान को निशाने पर लेते हुए कहा कि सपा जानती है कि ऐसा व्यक्ति सत्ता में नहीं आने वाला, लेकिन उसकी सोच से पता चलता है कि वह फिर से दंगा करवाना चाहती है। इसके साथ ही उन्होंने मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के दंगों का भी जिक्र करते हुए सपा पर गंभीर आरोप लगाए। योगी ने अपने संबोधन में कांग्रेस पर भी निशाना साधा हैं। उन्होंने मोहम्मदाबाद के नवाब की संपत्ति को बचाने के लिए कांग्रेस नेताओं की ओर से किए गए प्रयासों का जिक्र किया और कहा कि संबंधित शख्‍स मुस्लिम लीग का कोषाध्यक्ष था।

शिवपाल ने आजम खान से जिला जेल में की मुलाकात

दरअसल, शिवपाल यादव ने बुधवार को रामपुर जिला जेल में आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम से मुलाकात की थी। करीब एक घंटे की मुलाकात के बाद उन्होंने कहा था कि 2027 में अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो आजम खान को गृह मंत्री बनाया जाएगा। शिवपाल ने यह भी आरोप लगाया कि आजम खान के साथ अन्याय हुआ है और सरकार बनने पर इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

चुनाव की तैयारी में जुटने की अपील

शिवपाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटने की अपील भी की थी। उन्होंने दावा किया कि आजम खान ने जेल से संदेश भेजकर सपा नेताओं से पूरे प्रदेश का दौरा करने और पार्टी की सरकार बनाने के लिए काम करने को कहा हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।