गर्भवती होने पर प्रेमी ने छात्रा का किया मर्डर: सीतापुर से लखनऊ ले जाकर की हत्या, 10 दिन बाद जंगल में मिले अवशेष

सीतापुर जिले की 19 वर्षीय बीएससी छात्रा की गुमशुदगी का मामला अब हत्या में तब्दील हो गया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि छात्रा के गर्भवती होने के बाद उसके प्रेमी ने शादी और सामाजिक जिम्मेदारियों से बचने के लिए उसकी हत्या कर दी। आरोपी ने युवती को बहाने से लखनऊ बुलाया और हत्या के बाद बॉडी को जंगल में फेंक दिया। मामले का खुलासा तब हुआ जब पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर लखनऊ के महिपतपुर क्षेत्र स्थित जंगल से कपड़े, चप्पल, बाल और मानव अवशेष बरामद किए।
पुलिस के अनुसार मृतका सीतापुर के संदना क्षेत्र की रहने वाली थी और बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। वह 25 मई को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने शुरू से ही उसके प्रेमी पर अपहरण का आरोप लगाया था। युवती के लापता होने के बाद परिवार लगातार पुलिस अधिकारियों के संपर्क में रहा। कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए धरना-प्रदर्शन भी किया गया।
प्रेम संबंध बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि युवती का अपने गांव के ही युवक विशाल पाल से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे और युवक की बहन भी उसी कॉलेज में पढ़ती थी। परिजनों का आरोप है कि विशाल ने अपनी बहन के माध्यम से छात्रा को प्रेम संबंध में फंसाया था। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई। इसके बाद आरोपी पर शादी का दबाव बढ़ने लगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गर्भावस्था की जानकारी मिलने के बाद आरोपी मानसिक दबाव में था और इसी वजह से उसने हत्या की साजिश रची। पूछताछ में उसने कथित तौर पर युवती को लखनऊ ले जाकर हत्या करने और बॉडी जंगल में फेंकने की बात स्वीकार की है।
डीएनए जांच होगी
शनिवार को पुलिस छात्रा के पिता को साथ लेकर लखनऊ के महिपतपुर क्षेत्र स्थित जंगल पहुंची। वहां झाड़ियों के बीच युवती के कपड़े, चप्पल, बाल और कुछ मानव अवशेष बरामद हुए। पिता ने कपड़ों और चप्पलों के आधार पर उन्हें अपनी बेटी का बताया है। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अंतिम पहचान डीएनए परीक्षण के बाद ही की जाएगी। एसीपी बीकेटी विकास पांडेय ने बताया कि बरामद अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। मामले में सभी वैज्ञानिक और कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हत्या में आरोपी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं थी। इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। परिजनों ने आरोपी के साथ-साथ मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस हत्या, साक्ष्य छिपाने और अन्य संबंधित धाराओं में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









