लखनऊ में कांस्टेबल का वीडियो वायरल: ‘काले अंग्रेज चला रहे पुलिस विभाग’, IPS अफसरों पर करप्शन के गंभीर आरोप

पुलिस कमिश्नरेट में तैनात एक कांस्टेबल का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल सुनील कुमार शुक्ला ने विभाग के सीनियर अधिकारियों और आईपीएस अफसरों पर भ्रष्टाचार तथा अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो में कांस्टेबल ने यहां तक कह दिया कि “पुलिस विभाग को काले अंग्रेज चला रहे हैं।” इस बयान के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामला सामने आने के बाद विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल कांस्टेबल को 20 दिन की छुट्टी पर भेज दिया गया है।
वीडियो में कांस्टेबल ने दावा किया कि रिजर्व पुलिस लाइन में ड्यूटी लगाने के नाम पर पुलिसकर्मियों से हर महीने अवैध वसूली की जाती है। उनका आरोप है कि गार्ड कमांडर के जरिए सिपाहियों और दीवानों से दो-दो हजार रुपये महीने लिए जाते हैं। यह पैसा नीचे से लेकर ऊपर तक अधिकारियों तक पहुंचता है। कांस्टेबल ने आरोप लगाया कि इस सिस्टम में कई अधिकारी शामिल हैं और लंबे समय से यह खेल चल रहा है।
‘हर महीने लाखों की हो रही उगाही’
सुनील कुमार शुक्ला ने वीडियो में कहा कि कमिश्नरेट के एक डेटा सेक्शन में 110 से 120 गार्ड तैनात हैं, लेकिन वहां 500 से ज्यादा ड्यूटी लगाई जाती हैं। उनका दावा है कि करीब 400 पुलिसकर्मियों से हर महीने वसूली की जाती है। इस तरह लगभग 8 लाख रुपये महीने की अवैध उगाही हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सिर्फ एक सेक्शन का मामला नहीं है। पुलिस विभाग के कई हिस्सों में इसी तरह की वसूली चल रही है। वीडियो में कांस्टेबल काफी भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि विभाग के अंदर से न्याय मिलने की उम्मीद नहीं है। इसलिए मुख्यमंत्री को सीधे हस्तक्षेप करना चाहिए।
मुख्यमंत्री से लगाई न्याय की गुहार
वीडियो में कांस्टेबल ने सीएम योगी आदित्यनाथ से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार सख्त कार्रवाई करे तो पुलिस विभाग में चल रहे भ्रष्टाचार का बड़ा खुलासा हो सकता है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर बहस तेज हो गई है। कई लोग कांस्टेबल के आरोपों को गंभीर बता रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे विभागीय विवाद से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल पुलिस प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है।
पुलिस विभाग ने बनाई जांच कमेटी
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सहायक पुलिस आयुक्त शिप्रा पांडेय ने कहा कि कांस्टेबल द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस विभाग फिलहाल मामले को गंभीरता से देख रहा है। हालांकि अभी तक किसी अधिकारी पर आधिकारिक कार्रवाई नहीं हुई है। लेकिन वीडियो के सामने आने के बाद विभाग के भीतर चर्चा का माहौल गर्म हो गया है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










