लखनऊ में लावारिस स्विफ्ट डिजायर कार में मिला शव: डेडबॉडी से दुर्गंध आने पर चला पता , पुलिस कर रही छानबीन
लखनऊ के आशियाना इलाके से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। सड़क किनारे तीन दिनों से खड़ी एक लावारिस स्विफ्ट डिजायर कार से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है।
मामला आशियाना थाना क्षेत्र के सालेह नगर चौराहे का है। गुरुवार रात करीब 11:57 बजे स्थानीय लोगों ने कार से तेज दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार की जांच की तो अंदर एक व्यक्ति का शव मिला।
बताया जा रहा है कि कार पिछले करीब तीन दिनों से सड़क किनारे खड़ी थी। पुलिस के अनुसार वाहन का पंजीकरण नंबर UP 33 BB 8989 है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मृतक और वाहन के मालिक की पहचान करने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मौत किन परिस्थितियों में हुई और शव कार में कैसे पहुंचा।
पुलिस खंगाली ही सीसीटीवी फुटेज
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि यह पता चल सके कि कार वहां कब और किसने छोड़ी थी। पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।











