रक्षामंत्री की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर पूर्व सीएम अखिलेश यादव का तंज: बोले लखनऊ-एक्सप्रेस का इंजन फेल, दिल्ली ने कमान बदलने का किया फैसला

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर तंज कसते हुए भाजपा के भीतर नेतृत्व को लेकर अंदरूनी खींचतान का संकेत दिया है। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखकर लखनऊ की राजनीति में इंजन फेल होने तक की बात कह दी।
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि सत्ताधारियों की ओर से बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस हो रही है। लगता है कि लखनऊ-एक्सप्रेस का इंजन फेल हो गया है तभी दिल्ली के इंजन ने लखनऊ की कमान किसी और को सौंपने का अंदरूनी फैसला कर लिया है। अखिलेश ने आगे लिखा कि यह प्रेस कॉन्फ्रेंस महज दिखावा है। असली खेल लखनऊ के इंजन को खटारा साबित करके स्थायी रूप से हटाने का है। उन्होंने सवाल उठाया कि अब लखनऊ वालों की रक्षा कौन करेगा?
राजनाथ ने साधा था निशाना
दरअसल, लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दिल्ली में हाल के घटनाक्रमों को लेकर कांग्रेस और उसके सहयोगियों पर निशाना साधा था। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं की ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण में लगाने के बजाय राजनीतिक टकराव और अराजकता फैलाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है। देश के नौजवानों को अराजकता की राजनीति का मोहरा बनाया जा रहा है। रक्षा मंत्री ने राहुल गांधी का नाम लेते हुए कहा था कि अगर सपा समर्थन न करे तो वे अपनी रायबरेली की सीट भी नहीं जीत पाएंगे। राजनाथ सिंह ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल बांग्लादेश की तर्ज पर सत्ता परिवर्तन यानी रेजीम चेंज कराना चाहते हैं। कुछ लोग खुले तौर पर इसके लिए बांग्लादेश से प्रेरणा लेने की बात कर रहे हैं, जबकि दूसरे सरकार गिराने की बात करते हैं। यह लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।

