लखनऊ के सील किए गए सहारा सिटी में लगी आग: कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू, हताहत की सूचना नहीं

गोमतीनगर में सील किए गए 'सहारा सिटी' परिसर में गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि इसकी ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार करीब एक किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 15 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। परिसर के भीतर सूखी घास और घने पेड़ होने के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे सुब्रत रॉय की एग्जीबिशन गैलरी और पार्किंग क्षेत्र का हिस्सा चपेट में आ गया। आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों की मदद के लिए 42 मीटर ऊंचा हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, आठ जेसीबी, पानी के टैंकर और एंटी-स्मोक गन लगाई गईं। करीब साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
आग लगने के कारणों पर उठे सवाल
मौके पर पहुंचे अपर नगर आयुक्त डॉ. अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि नगर निगम द्वारा प्रॉपर्टी सील किए जाने के कारण परिसर के भीतर कोई नहीं रहता था और सुरक्षा के लिए केवल गार्ड तैनात थे। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। ध्यान देने वाली बात यह है कि लीज और कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों के उल्लंघन के चलते नगर निगम ने पिछले साल अक्टूबर में सहारा सिटी को सील कर दिया था। बंद परिसर में बिजली का कनेक्शन न होने के बावजूद आग लगने की घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच के दौरान सहारा सिटी के मुख्य गेट के पास पेट्रोल और डीजल के कई कनस्तर भी बरामद हुए हैं। प्रशासन और अग्निशमन विभाग ने आग लगने के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।