28 साल बाद आगजनी केस में बड़ा फैसला: पूर्व सांसद बनवारी लाल कंछल को तीन साल की जेल, 1998 के बवाल में अब मिली सजा

व्यापारी नेता और पूर्व राज्यसभा सदस्य बनवारी लाल कंछल को 28 साल पुराने आगजनी, मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने के मामले में तीन साल की जेल की सजा सुनाई गई है। लखनऊ की एमपी-एमएलए कोर्ट ने उनके साथ हुकुमचंद अग्रवाल और देशराज अग्रवाल को भी तीन-तीन साल के कारावास की सजा दी है। अदालत ने तीनों दोषियों पर 36-36 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।
विशेष न्यायाधीश उमाकांत जिंदल ने मंगलवार को सजा के बिंदु पर सुनवाई के बाद फैसला सुनाया। तीनों को पहले ही दोषी ठहराते हुए जमानत निरस्त कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया था। मामला 12 अगस्त 1998 को हजरतगंज स्थित व्यापार कर भवन में हुई आगजनी, तोड़फोड़ और अधिकारियों-कर्मचारियों से मारपीट का है।
करीब 250 लोगों के साथ भवन में पहुंचने का आरोप
अभियोजन के मुताबिक, 12 अगस्त 1998 को व्यापार कर विभाग के तत्कालीन असिस्टेंट कमिश्नर (प्रशासन) एमएम कटियार ने हजरतगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसी दिन असिस्टेंट कमिश्नर (प्रवर्तन क्षेत्र बी) ठाकुर प्रसाद की ओर से भी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि दोपहर करीब सवा एक बजे बनवारी लाल कंछल अपने साथियों और करीब 250 लोगों के साथ व्यापार कर भवन परिसर में पहुंचे। आरोप था कि समूह के लोग लाठी-डंडों और हथियारों से लैस थे। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज, धमकी और मारपीट की। घटना में कई कर्मचारी घायल हुए थे।
सरकारी वाहन में लगाई आग, भवन में तोड़फोड़
अभियोजन के अनुसार, घटना के दौरान सरकारी वाहनों और भवन में तोड़फोड़ की गई। व्यापार कर अधिकरण के अध्यक्ष की कार में आग लगा दी गई। इस घटना से विभाग का कामकाज प्रभावित हुआ था। मामले में पुलिस ने जांच के बाद छह आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था।
दो आरोपियों की मौत, एक साक्ष्य के अभाव में बरी
इस मामले में बनवारी लाल कंछल, मोती चंद्र अग्रवाल, हुकुमचंद अग्रवाल, देशराज अग्रवाल, श्रीनिवास अग्रवाल और राजेंद्र कुमार अग्रवाल के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया था। अदालत ने 17 नवंबर 2006 को मामले का संज्ञान लिया और 9 मई 2019 को आरोप तय किए गए।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान मोती चंद्र अग्रवाल और श्रीनिवास अग्रवाल की मौत हो गई। वहीं राजेंद्र अग्रवाल को अदालत ने साक्ष्य के अभाव में बरी कर दिया। अभियोजन पक्ष की ओर से मामले में नौ गवाह और पांच अभिलेखीय साक्ष्य पेश किए गए। करीब 28 साल चली न्यायिक प्रक्रिया के बाद अदालत ने बनवारी लाल कंछल, हुकुमचंद अग्रवाल और देशराज अग्रवाल को दोषी ठहराते हुए तीन-तीन साल की सजा सुनाई।
कौन हैं बनवारी लाल कंछल?
बनवारी लाल कंछल प्रदेश के प्रमुख व्यापारी नेताओं में गिने जाते हैं। वह उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष रहे हैं और लंबे समय से व्यापारियों के हितों से जुड़े मुद्दों को उठाते रहे हैं। राजनीति में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। समाजवादी पार्टी ने उन्हें वर्ष 2006 में उत्तर प्रदेश से राज्यसभा भेजा था। हालांकि, अप्रैल 2009 में उन्होंने सपा छोड़कर बसपा में शामिल होने की घोषणा की थी। उस दौरान उन्होंने राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा देने का भी ऐलान किया था।
कंछल उत्तर प्रदेश सरकार में आर्थिक सलाहकार की भूमिका भी निभा चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2004 से 2006 के बीच इस पद पर काम किया था।
फिलहाल और खबरें उपलब्ध नहीं हैं।